घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, लंबी-लंबी कतारें कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का परिणाम: मंत्री
घरेलू गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं, लंबी-लंबी कतारें कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का परिणाम: मंत्री
पटना, 19 मार्च (भाषा) बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य में घरेलू गैस (एलपीजी) सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और वितरण केंद्रों के बाहर लग रही कतारें कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का परिणाम हैं।
जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में एलपीजी सिलेंडर की कमी के दावे भ्रामक हैं।
उन्होंने कहा, “यह कांग्रेस के भ्रामक प्रचार का परिणाम है, जिसका उद्देश्य लोगों के मन में भय पैदा करना है।”
इस बीच, कांग्रेस ने राज्य में कथित ‘एलपीजी की कमी’ को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश राम ने संवाददाताओं से कहा, “केंद्र सरकार देशभर में लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। लोग एलपीजी सिलेंडर के लिए घंटों कतार में खड़े रहने को मजबूर हैं। उनके पास कोई विकल्प नहीं बचा है क्योंकि रसोई गैस की उपलब्धता लगातार घट रही है।”
उन्होंने कहा, “जब नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी, तब उन्होंने कहा था कि वे महिलाओं की आंखों में धुएं का असर नहीं देख सकते। आज, जब वह (अमेरिकी राष्ट्रपति) डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी नेतृत्व को संकट सुलझाने के लिए राजी नहीं कर पा रहे हैं, तब एलपीजी कुप्रबंधन ने जनता की कमर तोड़ दी है।”
राम ने दावा किया कि पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में एलपीजी सिलेंडर के लिए घंटों कतार में खड़े रहने के दौरान बुजुर्गों की मौत तक हो चुकी है।
उन्होंने कहा, “इसके बावजूद सरकार लगातार कह रही है कि कोई संकट नहीं है। ऐसे में सरकार यह बताए कि लोगों को कतार में खड़ा होने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है।”
कांग्रेस के एक अन्य वरिष्ठ नेता मदन मोहन झा ने कहा कि लोगों में एलपीजी सिलेंडर नहीं मिलने को लेकर “बेचैनी” है।
उन्होंने कहा, “अगर सरकार दावा कर रही है कि कोई कमी नहीं है, तो एलपीजी एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों की क्या वजह है? लोग सिलेंडर के लिए वास्तविक कीमत से पांच गुना तक भुगतान करने को तैयार हैं।”
भाषा कैलाश जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


