अधिकारी के सहयोगी की हत्या पर चिराग ने कहा, ‘बंगाल की जनता ने हिंसा की राजनीति के खिलाफ मतदान किया’

Ads

अधिकारी के सहयोगी की हत्या पर चिराग ने कहा, ‘बंगाल की जनता ने हिंसा की राजनीति के खिलाफ मतदान किया’

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 05:39 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 05:39 PM IST

पटना, सात मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी की हत्या की बृहस्पतिवार को निंदा करते हुए कहा कि राज्य की जनता ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में ‘‘इसी हिंसा की राजनीति’’ के खिलाफ मतदान किया है।

अधिकारी के कार्यकारी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे कोलकाता के बाहरी इलाके में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने पहले उनकी कार को रुकवाया था।

संवाददाताओं से बातचीत में पासवान ने कहा, ‘‘यह बेहद पीड़ादायक और शर्मनाक है। बंगाल की जनता ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में इसी हिंसा की राजनीति के खिलाफ मतदान किया है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या को ‘‘तृणमूल कांग्रेस के गुंडों’’ ने अंजाम दिया है।

पासवान ने कहा, ‘‘इसीलिए उन्हें टीएमसी के गुंडे कहा जाता है। चुनाव समाप्त होने के बाद भी वे अपनी हार स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। इससे उस मानसिकता का पता चलता है जिसके बल पर उन्होंने 15 वर्षों तक बंगाल की जनता को दबाकर रखा।’’

उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस घटना को लेकर काफी चिंतित हैं। हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है कि बंगाल में अब इस तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।’’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफा देने से इनकार करने के सवाल पर पासवान ने कहा कि उनके फैसले से इतर राज्य में भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के पास स्पष्ट रूप से संख्या बल नहीं है। ऐसी स्थिति में राज्यपाल के पास विधानसभा भंग करने का अधिकार है। पश्चिम बंगाल में जल्द ही भाजपा की नई सरकार बनेगी, जो राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाएगी।’’

भाषा कैलाश

जोहेब

जोहेब