शिक्षक हमारी भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार : पंकज चौधरी

Ads

शिक्षक हमारी भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार : पंकज चौधरी

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 12:42 AM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 12:42 AM IST

लखनऊ, पांच सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को कहा कि शिक्षक हमारी भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने वाले शिल्पकार हैं।

शिक्षक दिवस के अवसर पर चौधरी ने राजधानी लखनऊ स्थित अपने आवास पर ‘गुरुजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत शिक्षकों के साथ संवाद किया और उन्हें सम्मानित किया। भाजपा राज्य मुख्यालय की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई।

इस अवसर पर चौधरी ने कहा, “शिक्षक वे शिल्पकार हैं, जो हमारी भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं।”

उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का दीप प्रज्वलित कर उन्हें आदर्श नागरिक बनने तथा राष्ट्र के नवनिर्माण के पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा गुरु के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता की प्रतीक है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से देश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, रोजगारपरक और संस्कारयुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कौशल, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति दायित्वबोध का विकास करना है।

भाषा आनन्द रंजन

रंजन