पप्पू यादव की कई मामलों में जमानत याचिकाओं पर शुक्रवार को सुनवाई होगी

Ads

पप्पू यादव की कई मामलों में जमानत याचिकाओं पर शुक्रवार को सुनवाई होगी

  •  
  • Publish Date - February 12, 2026 / 05:45 PM IST,
    Updated On - February 12, 2026 / 05:45 PM IST

पटना, 12 फरवरी (भाषा) निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की विभिन्न मामलों में दायर जमानत याचिकाओं पर यहां की एक अदालत में शुक्रवार को सुनवाई होगी। उनके वकील ने यह जानकारी दी।

वकील ने बताया कि यादव की जमानत याचिकाओं पर बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न लगभग 11 बजे सुनवाई होनी थी, लेकिन पटना दीवानी अदालत को बम की धमकी मिलने के कारण वह भोजनावकाश के बाद ही अदालत पहुंच सके। हालांकि यह धमकी बाद में फर्जी निकली।

अदालत ने उन्हें मंगलवार को जालसाजी के तीन दशक पुराने एक मामले में जमानत दे दी थी, लेकिन पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने समेत अन्य मामलों में उन्हें न्यायिक हिरासत में रखा गया है।

यादव को पिछले शुक्रवार की शाम पटना पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार किया था। जनप्रतिनिधियों से संबंधित मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत (एमपी/एमएलए अदालत) ने भारतीय दंड संहिता की धारा 467 (दस्तावेजों की जालसाजी) के तहत दर्ज 1995 के एक मामले में उनके खिलाफ वारंट जारी किया था।

उनके वकील ने बताया कि बाद के मामलों में दायर जमानत याचिकाओं पर बुधवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन एक और बम धमकी के कारण सुनवाई बृहस्पतिवार तक के लिए टाल दी गई थी। हालांकि बाद में यह धमकी भी फर्जी निकली थी।

भाषा कैलाश

राजकुमार देवेंद्र

देवेंद्र

शीर्ष 5 समाचार