पटना के होटल में छात्रा से कथित छेड़छाड़ मामले की एसआईटी जांच की मांग

Ads

पटना के होटल में छात्रा से कथित छेड़छाड़ मामले की एसआईटी जांच की मांग

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 05:26 PM IST

पटना, 29 मई (भाषा) जन सुराज पार्टी ने पटना के एक होटल में छात्रा से उसके पिता की मौजूदगी में कथित छेड़खानी की घटना की विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की मांग की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस संबंध में पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना और ललन यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने यहां पुलिस मुख्यालय में बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार को एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पार्टी ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित करने की मांग की।

जन सुराज पार्टी के नेताओं के अनुसार, डीजीपी ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह स्वयं मामले की निगरानी करेंगे और घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

मुन्ना ने कहा कि डीजीपी ने यह भी भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द साक्ष्य एकत्र कर अदालत के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि होटल मालिक द्वारा पीड़िता के परिवार को धमकाने की कोशिश की जा रही है।

पार्टी ने होटल के मालिक, प्रबंधक और कर्मचारियों की भूमिका की विस्तृत जांच की भी मांग की है। इसमें यह पता लगाने पर जोर दिया गया है कि आरोपी कमरे तक कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कथित रूप से चूक क्यों हुई।

पार्टी ने यह भी मांग की कि यदि जांच में होटल परिसर में किसी अवैध या अनैतिक गतिविधि के संचालन की पुष्टि होती है तो होटल का लाइसेंस रद्द किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता और उसके परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा उन्हें कथित रूप से धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की।

पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष ललन यादव ने कहा कि पीड़िता के पिता अपनी बेटी को पॉलिटेक्निक परीक्षा दिलाने के लिए पिछले सप्ताह पटना आए थे। पीड़िता और उसका परिवार बेगूसराय में रहता है।

इसके अतिरिक्त, जन सुराज ने राज्यभर के होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों, विशेषकर पटना स्थित प्रतिष्ठानों का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की, ताकि महिलाओं और छात्रों से जुड़ी ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि रुपसपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल में ठहरने के दौरान रात करीब 12:45 बजे एक अज्ञात युवक कमरे में घुस आया और छात्रा से कथित छेड़खानी करते हुए उसे जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया।

भाषा

कैलाश रवि कांत