पुणे, 24 अगस्त (भाषा) इंडिया जूनियर अंतरराष्ट्रीय ग्रां प्री बैडमिंटन टूर्नामेंट में नौ देशों के 304 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जिसका आयोजन यहां मंगलवार से किया जाएगा।
दिवंगत सुशांत चिपलकट्टी की स्मृति में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन पूना जिला महानगर बैडमिंटन संघ कर रहा है। इसे विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ), बैडमिंटन एशिया (बीए), भरतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) और महाराष्ट्र बैडमिंटन संघ (एमबीए) के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
जूनियर विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज देव रुपारेलिया भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे।
प्रतियोगिता में भारत के अलावा अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, इंडोनेशिया, थाईलैंड, नेपाल, मलेशिया और भूटान के खिलाड़ी भाग लेंगे।
क्वालीफाइंग मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे जबकि मुख्य दौर बुधवार से शुरू होगा। फाइनल मुकाबले 30 अगस्त को खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 15,000 अमेरिकी डॉलर है। एकल वर्ग के विजेता को 1,208 अमेरिकी डॉलर जबकि उपविजेता को 724 अमेरिकी डॉलर मिलेंगे।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द