भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे : सम्राट

Ads

भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे : सम्राट

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 07:08 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 07:08 PM IST

पटना, दो जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।

सम्राट ने कहा कि राज्य के सभी नौ प्रमंडल में विशेष निगरानी न्यायालय स्थापित किए जाएंगे, ताकि भ्रष्टाचार के मामलों का त्वरित निस्तारण हो और दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बिहार सतर्कता जागरूकता दिवस एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह की दीप प्रज्ज्वलित कर शुरुआती की। पटना के सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र स्थित ज्ञान भवन में निगरानी विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के नये लोगो का अनावरण भी किया।

सम्राट ने कहा कि बिहार में अपराध और आर्थिक अपराध से जुड़े मामलों में सरकारी गवाहों को यदि गवाही देने के लिए कहीं जाना पड़े, तो उन्हें परिवहन भत्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को “कतई बर्दाश्त न करने” की नीति के तहत राज्य के हर जिले में निगरानी थाना और सभी अनुमंडल में निगरानी पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी।

सम्राट ने कहा कि बिहार की आर्थिक अपराध इकाई और निगरानी अन्वेषण ब्यूरो विशेषज्ञों को अपने साथ जोड़ते हुए ऐसी आधुनिक एवं स्मार्ट कार्यप्रणाली विकसित करें कि विशेष परिस्थितियों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को भी उनके सहयोग की आवश्यकता महसूस हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, विशेष निगरानी इकाई और आर्थिक अपराध इकाई भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ सीधे कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों की पहचान कर बिहार सरकार उनकी जब्त की गई संपत्तियों में स्कूल संचालित करेगी।

सम्राट ने कहा कि ‘ट्रिपल टी’ यानी पारदर्शिता, तकनीक और विश्वास के आधार पर बिहार को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा, जिससे सुशासन को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी से समृद्ध बिहार के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्राथमिकता गलियारे के तहत मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया। उन्होंने पटना मेट्रो का प्री-पेड स्मार्ट कार्ड लेकर मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक मेट्रो यात्रा भी की।

मुख्यमंत्री ने इस परियोजना को राज्य के शहरी परिवहन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

सम्राट ने कहा कि मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के शुरू होने से पूर्वी पटना के लाखों नागरिकों को तेज, सुगम और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मेट्रो सेवा के विस्तार से सड़कों पर यातायात का दबाव घटेगा, यात्रा समय में कमी आएगी और प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

भाषा

कैलाश पारुल

पारुल