अयोध्या, दो जुलाई (भाषा) अयोध्या की एक अदालत ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में जेल में बंद आरोपी अविनाश शुक्ला को आगे की पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को 24 घंटे की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि राम मंदिर में चढ़ावे की रकम की गिनती का काम करने वाले शुक्ला को अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे 24 घंटे की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्ला से हिरासत में पूछताछ के जरिये जांचकर्ताओं को चंदे के कथित हेरफेर की जांच करने, धन के लेन-देन का पता लगाने और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान मिली नकदी में शुक्ला के पास से 20.39 लाख रुपये बरामद किए गए थे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा अन्य आरोपियों करुणेश पांडे से 18.07 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख रुपये, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख रुपये, रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपये और रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू से एक लाख रुपये की बरामदगी हुई थी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान लगभग 11 ग्राम सोना, करीब 375 ग्राम चांदी और 1,121 अमेरिकी डॉलर भी बरामद किए थे।
सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले एक अहम घटनाक्रम में जांचकर्ताओं ने अयोध्या के एक योग केंद्र से ‘रामराज्य कोष’ नाम का दान पात्र बरामद किया था, जिस पर क्यूआर कोड लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि शुक्ला लगभग एक दशक से इसी केंद्र में रह रहा था।
राम मंदिर में दान और चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सात जून को सामने आया था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।
एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
भाषा
सं. सलीम पारुल
पारुल