सरकारी जमीन गलत तरीके से हस्तांतरित करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : जायसवाल

Ads

सरकारी जमीन गलत तरीके से हस्तांतरित करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : जायसवाल

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 03:23 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 03:23 PM IST

पटना, 28 मई (भाषा) बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा है कि सरकारी जमीन की हेराफेरी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जायसवाल ने चेताते हुये कहा कि यदि सरकारी जमीन को गलत तरीके से किसी अन्य व्यक्ति के नाम किया गया तो इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस संबंध में जल्द ही नया कानून लाने की तैयारी कर रही है।

विभाग की ओर से जारी बयान के अनुसार, मंत्री ने बुधवार को आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में कहा कि जमीन विकास की आधारशिला है, इसलिए सरकारी जमीन का सही रिकॉर्ड बनाए रखना और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक देरी या मिलीभगत को गंभीरता से लिया जाएगा।

बैठक में विभाग के सचिव जय सिंह ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया।

मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को वास भूमि उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें जमीन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जनता के कार्यों में देरी भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती है और भ्रष्टाचार पर रोक लगाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

भाषा कैलाश मनीषा रंजन

रंजन