पटना, 26 अगस्त (भाषा) बिहार के भागलपुर जिले में बुधवार को गंगा नदी में 21 मजदूरों को लेकर जा रही एक नाव पलट गई, जिसमें से 19 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि दो अन्य लापता हैं जिनकी तलाश जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) की नाव अपराह्न करीब 2:30 बजे बाढ़ रोधी कार्य और काजीकोरैया-रघोपुर तटबंध में दो दिन पहले हुए कटाव की मरम्मत के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने बताया, “नाव पर सवार 21 लोगों में से 19 को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जबकि शेष दो की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम अभियान चला रही है।”
उन्होंने बताया कि नदी में भंवर बनने के कारण नाव पलट गई। उन्होंने बताया कि साथ ही जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन में ‘‘लापरवाही’’ भी सामने आई है।
जिलाधिकारी ने कहा, “संबंधित ठेकेदार या एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।”
उन्होंने बताया कि फिलहाल नाव के जरिए ‘जियोबैग’ गिराने का कार्य रोक दिया गया है और इसके लिए ट्रैक्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पांडेय ने कहा कि मुख्य अभियंता की तकनीकी रिपोर्ट और राय आने के बाद जल संसाधन विभाग आगे की कार्रवाई तय करेगा। उन्होंने कहा कि इस बीच अभियंताओं को बाढ़ निरोधी कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है।
‘जियोबैग’ आमतौर पर रेत या अन्य सामग्री से भरे मजबूत थैले होते हैं, जिनका इस्तेमाल नदी किनारों, तटों या तटबंधों के कटाव को रोकने और सुरक्षा के लिए किया जाता है।
भाषा कैलाश अमित
अमित