बिहार के शेखपुरा में बिजली कंपनी के कार्यपालक अभियंता का शव मिला

Ads

बिहार के शेखपुरा में बिजली कंपनी के कार्यपालक अभियंता का शव मिला

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 10:34 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 10:34 PM IST

शेखपुरा, 16 अगस्त (भाषा) बिहार के शेखपुरा जिले में एक बिजली वितरण कंपनी के एक कार्यपालक अभियंता का शव रविवार को किराये के उनके मकान में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, समस्तीपुर जिले के हसनपुर निवासी अश्विनी कुमार चंद्रा (35) करीब नौ महीने पहले ‘साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कपंनी लिमिटेड’ के शेखपुरा मंडल मुख्यालय में कार्यपालक अभियंता (सिविल) के पद पर नियुक्त हुए थे।

शेखपुरा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने कहा, “चंद्रा द्वारा कमरे को अंदर से बंद किए जाने और बार-बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद नहीं खोलने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। उनका शव फंदे से लटका मिला।”

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धूम्रपान को लेकर पत्नी के साथ हुए विवाद के बाद चंद्रा ने यह कदम उठाया। कुमार ने कहा कि हालांकि, उनकी मौत के सही कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

अधिकारियों ने बताया कि चंद्रा अपनी पत्नी पम्मी और चार वर्षीय बेटे के साथ शेखपुरा में कच्ची रोड पर कॉलेज मोड़ के पास किराये के मकान में रहते थे।

उन्होंने बताया कि विवाद के बाद चंद्रा अपने कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उन्होंने बताया कि बार-बार प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खोलने पर उनकी पत्नी ने पुलिस को सूचना दी।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप