दक्षिण मुंबई में आयकर भवन इमारत में आग, कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

Ads

दक्षिण मुंबई में आयकर भवन इमारत में आग, कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

  •  
  • Publish Date - August 17, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - August 17, 2026 / 10:33 PM IST

मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्थित सात मंजिला आयकर कार्यालय की इमारत के भूमिगत तल में सोमवार दोपहर आग लग गई, जिसके बाद सीढ़ियों और यांत्रिक सीढ़ियों का इस्तेमाल करके कई लोगों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका परिषद (बीएमसी) ने एक बयान में कहा, “लापता या घायल लोगों के बारे में पुलिस, आयकर अधिकारियों और सुरक्षा कर्मचारियों के साथ पूछताछ की जा रही है।”

इस इमारत में आयकर विभाग के अलग-अलग दफ्तरों के साथ-साथ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का दफ्तर भी है। इसके भूमिगत तल में आयकर कर्मचारियों के लिए एक सहकारी बैंक भी है, जो अभी अपना शताब्दी समारोह मना रहा है।

अपराह्न करीब दो बजे आग लगने के बाद भूमिगत तल समेत पूरी इमारत धुएं से भर गई।

अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीकृत एयर-कंडीशनिंग सिस्टम की वजह से धुआं तेजी से फैल गया; इसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े।

दमकल विभाग के अनुसार, पहली, दूसरी और तीसरी मंज़िल से 15 लोगों को बचाया गया और सीढ़ियों के ज़रिये सुरक्षित रूप से भूतल पर लाया गया। इसके अलावा, पहली मंज़िल से पांच-छह लोगों को ‘विशेष सीढ़ी’ की मदद से बचाया गया, जबकि छत पर शरण लेने वाले आठ लोगों को ‘यांत्रिक सीढ़ी’ की मदद से नीचे लाया गया।

बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई अग्निशमन सेवा ने अपराह्न करीब 2.45 बजे आग को ‘स्तर-2’ की आग घोषित किया, जो एक गंभीर घटना का संकेत है। मौके पर कम से कम आठ दमकल गाड़ियां और आग बुझाने वाली कई अन्य गाड़ियां तैनात की गईं।

आयकर विभाग के एक कर्मचारी ने अपना नाम न बनाने की शर्त पर कहा कि जब आग लगने के बाद बाहर अफरातफरी मची, तो वे पांचवीं मंज़िल पर दोपहर का भोजन कर रहे थे। जब इमारत तेजी से धुएं से भर गई, वह इमारत के पिछले हिस्से से बाहर निकल गए। आयकर अधिकारियों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए, सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश बागुल ने बताया कि इस इमारत में करीब 1,800 कर्मचारी काम करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि अंदर मौजूद ज़्यादातर लोग बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए। मुंबई अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहली मंज़िल और छत से सीढ़ियों का इस्तेमाल करके महिलाओं समेत कई अन्य लोगों को बचाया।

दमकल विभाग के कर्मचारियों के अनुसार, इमारत में केंद्रीकृत वातानुकूलित प्रणाली लगी है, इसलिए सभी खिड़कियां बंद थीं। इस वजह से इमारत में धुआं तेजी से फैल गया।

भूमिगत तल, जहां स्ट्रॉन्ग रूम और सामान रखा हुआ था, पूरी तरह धुएं से भर गया था। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े।

बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, आग भूमिगत तल में लगभग 7,000 से 8,000 वर्ग फुट के इलाके में फैली थी और यह बिजली की वायरिंग और इंस्टॉलेशन, केबिन में रखे रिकॉर्ड, कबाड़, बेकार रिकॉर्ड, कागज का स्टॉक, लकड़ी के पार्टीशन और अन्य सामान तक ही सीमित थी।

लगभग पांच घंटे बाद, शाम 7:08 बजे आयकर भवन के भूमिगत तल में लगी आग बुझा दी गई।

मुंबई अग्निशमन विभाग के मुख्य दमकल अधिकारी रवींद्र अंबुलगेकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग भूमिगत तल तक ही सीमित रही और इमारत के दूसरे हिस्सों में नहीं फैली।

उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

भाषा प्रशांत सुरेश

सुरेश