वर्तमान चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच है : योगी
वर्तमान चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच है : योगी
बेगूसराय, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष को ‘‘राम द्रोही’’ करार देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन ‘‘गोहत्या’’ को बढ़ावा और मुसलमानों को आरक्षण देकर ‘‘धार्मिक आधार पर देश के विभाजन’’ का पक्षधर है।
बिहार की बेगूसराय लोकसभा संसदीय क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘वर्तमान चुनाव राम भक्तों और राम द्रोहियों के बीच है । मैं भगवान राम की भूमि से आता हूं। मुझे पता है कि बिहार के लोगों के दिलों में अयोध्या के मंदिर के लिए एक विशेष स्थान हैए जो देवी सीता का जन्मस्थान है।’’
कांग्रेस और सपा का नाम लिये बगैर उन्होंने कहा, ‘‘राम द्रोहियों में वे लोग भी शामिल हैं जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं… माफिया डॉन की मौत पर शोक मनाया।’’
योगी का इशारा 1980 के दशक में ‘‘कार सेवकों’’ पर पुलिस गोलीबारी की ओर था, जब सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उनका संकेत पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में अतीक अहमद की हत्या और जेल में रहते मुख्तार अंसारी की मौत की ओर भी था।
राजग के सत्ता में आने से पहले बिहार में कथित अराजकता के लिए राजद-कांग्रेस को दोषी ठहराते हुए आदित्यनाथ ने आरोप लगाया, ‘‘उनकी बाबा साहेब अंबेडकर के जनादेश को धोखा देते हुए, मुसलमानों को आरक्षण देकर देश को धार्मिक आधार पर विभाजित करने की योजना है।’’
योगी ने पूछा, ‘‘हमारे दलित और ओबीसी कहां जायेंगे, अगर उनके लिए निर्धारित कोटा किसी और को दे दिया जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए सच्चर समिति का गठन करके साजिश शुरू की थी।’’
उन्होंने लोगों से राजग को वोट देने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि मोदी के ‘‘मजबूत’’ शासन के तहत ‘‘सीमा पार आतंकवाद का सफाया हो गया है और थरथराता पाकिस्तान भारतीय धरती पर हर विस्फोट से खुद को दूर कर लेता है, भले ही यह पटाखों का विस्फोट है’’।
आदित्यनाथ ने राजद के चुनाव चिह्न का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘भारत डिजिटल युग में प्रवेश कर चुका है। बिहार को राजद और कांग्रेस के लालटेन युग की ओर लौटने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।’’
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने राज्य की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘मेरे राज्य में, हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राजग सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करे। मुझे उम्मीद है कि बिहार, इसी तरह के परिणाम का गवाह बनेगा।’’
भाषा अनवर
रंजन
रंजन

Facebook


