शिकायतों के निष्पादन से जनता संतुष्ट होगी, तभी सहयोग कार्यक्रम का लक्ष्य पूरा होगा: सम्राट चौधरी

Ads

शिकायतों के निष्पादन से जनता संतुष्ट होगी, तभी सहयोग कार्यक्रम का लक्ष्य पूरा होगा: सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - July 14, 2026 / 04:22 PM IST,
    Updated On - July 14, 2026 / 04:22 PM IST

पटना, 14 जुलाई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि शिकायतों का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि जनता तभी संतुष्ट होगी, जब उसकी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

चौधरी ने यहां ‘सहयोग कार्यक्रम’ की शुरुआत के अवसर पर मुख्यमंत्री सचिवालय के आवेदन प्राप्ति केंद्र के शिलापट्ट का अनावरण किया।

उन्होंने देशरत्न मार्ग से मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित आवेदन प्राप्ति केंद्र तक ‘सहयोग पथ’ का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम लोगों का सरकार पर विश्वास और मजबूत हो।

उन्होंने कहा कि जो अधिकारी या कर्मचारी शिकायतों के निस्तारण में सहयोग नहीं करेंगे या कार्य में शिथिलता बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की शिकायतों का पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि ‘सहयोग’ शिविरों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया है और जिन आवेदकों को अब भी अपने मामलों के निर्णय पर आपत्ति है, उनके लिए राज्य स्तरीय ‘सहयोग कार्यक्रम’ शुरू किया गया है, ताकि उनकी शिकायतों की दोबारा समीक्षा कर न्यायसंगत निर्णय लिया जा सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री सोलर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने लोगों से अपने घरों की छतों पर सौर पैनल लगाने और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

चौधरी ने साथ ही दूरस्थ और दुर्गम गांवों को ‘सोलर विलेज’ के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

भाषा कैलाश जितेंद्र

जितेंद्र