पटना, 21 अगस्त (भाषा) बिहार विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की इस वर्ष अब तक राज्य में अपराधियों और नक्सलियों से 19 मुठभेड़ हुई हैं, जिनमें तीन अपराधी मारे गए और 18 घायल हुए। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एसटीएफ के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजय कुमार सिंह ने पटना में संवाददाताओं से कहा कि भोजपुर जिले में भरत तिवारी की कथित मुठभेड़ में हुई मौत को इन आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि मामले की जांच जारी है।
उन्होंने बताया, “इस वर्ष अब तक एसटीएफ ने 38 नक्सलियों और 1,716 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शीर्ष 10 और शीर्ष 20 सूची के 165 वांछित अपराधी व नक्सली शामिल हैं।”
अधिकारियों के अनुसार, एसटीएफ के स्वापक प्रकोष्ठ ने 163 तस्करों को गिरफ्तार करके 2,188 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ बरामद किए। बरामद मादक पदार्थों में 5.7 किलोग्राम हेरोइन/स्मैक, 13.43 किलोग्राम अफीम, 11.5 किलोग्राम चरस, 2,062 किलोग्राम गांजा और 96 किलोग्राम चूरा पोस्त शामिल है।
सिंह ने कहा, “तकनीकी विश्लेषण, मानव खुफिया तंत्र और सीमावर्ती जिलों में निगरानी के जरिए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। हमारा अभियान पूर्वोत्तर राज्यों से संचालित नेटवर्क और बिहार से मादक पदार्थों की आवाजाही पर भी केंद्रित है।”
बिहार पुलिस के बयान के अनुसार, एसटीएफ ने दो एके-47, एक एके-56, दो इंसास राइफल, एक कार्बाइन, पांच अर्द्धस्वचालित पिस्तौल और एक ग्लॉक पिस्तौल समेत 18 आधुनिक हथियार बरामद किए। इसके अलावा 398 देशी हथियार, 178 अधबने देशी हथियार और 3,195 जीवित कारतूस भी जब्त किए गए।
बयान में कहा गया है कि कार्रवाई के दौरान 33 छोटी अवैध हथियार निर्माण इकाइयों का भी भंडाफोड़ किया गया।
बयान के अनुसार बैंक, आभूषण और गोल्ड लोन लूट गिरोहों के खिलाफ अभियान में 113 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 10 किलोग्राम सोना, 50 किलोग्राम चांदी और एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद की गई।
सिंह ने बताया कि इस वर्ष अभियान के दौरान एसटीएफ के दो जवान भी शहीद हुए।
उन्होंने कहा कि एक जवान मार्च में मोतिहारी में अपराधियों से हुई मुठभेड़ में और दूसरा जून में जहानाबाद में घेराबंदी अभियान के दौरान शहीद हुआ।
भाषा कैलाश
जोहेब
जोहेब