श्रीशंकर डब्ल्यूए महाद्वीपीय टूर प्रतियोगिता में घरेलू चुनौती की अगुवाई करेंगे

Ads

श्रीशंकर डब्ल्यूए महाद्वीपीय टूर प्रतियोगिता में घरेलू चुनौती की अगुवाई करेंगे

  •  
  • Publish Date - August 21, 2026 / 07:08 PM IST,
    Updated On - August 21, 2026 / 07:08 PM IST

भुवनेश्वर, 21 अगस्त (भाषा) लंबी कूद के स्टार मुरली श्रीशंकर और एंसी सोजन, धावक अनिमेष कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह उन प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं जो शनिवार को यहां होने वाली विश्व एथलेटिक्स (डब्ल्यूए) महाद्वीपीय टूर रजत स्तर की प्रतियोगिता में शीर्ष सम्मान के लिए चुनौती पेश करेंगे।

यह डब्ल्यूए की भारत में आयोजित होने वाली रजत स्तर की पहली प्रतियोगिता है।

भारतीय एथलीट इस एक दिवसीय प्रतियोगिता को जापान में होने वाले आगामी एशियाई खेलों की तैयारी के तौर पर इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्हें अन्य देशों के खिलाड़ियों से कड़ी चुनौती मिलेगी जिसमें 2024 पेरिस ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता जाम्बिया के 400 मीटर धावक मुजाला सामुकोंगा भी शामिल हैं।

सामुकोंगा के अलावा नाइजीरिया के दुनिया के 10वें नंबर के गोला फेंक खिलाड़ी चुकवुएबुका एनेकवेची भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे जो राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन और पेरिस ओलंपिक के फाइनल में पहुंचे थे।

प्रतियोगिता में कुल 18 स्पर्धाएं होंगी जिनमें पुरुषों और महिलाओं के लिए नौ-नौ स्पर्धाएं शामिल हैं। पुरुष एथलीट 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 110 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक और भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। वहीं महिलाओं के लिए 100 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर, 100 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, भाला फेंक और चक्का फेंक की स्पर्धाएं होंगी।

खिलाड़ियों को महत्वपूर्ण विश्व रैंकिंग अंक के साथ नकद पुरस्कार भी मिलेंगे। विजेता को 1,600 अमेरिकी डॉलर, दूसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 1,200 डॉलर और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 900 डॉलर मिलेंगे।

भारत ने लगभग सभी 18 स्पर्धाओं में अपने शीर्ष खिलाड़ियों को उतारा है। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जिनमें 88 भारतीय हैं।

कुल 26 देशों के खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इनमें 12 एशियाई देशों के करीब 140 खिलाड़ी शामिल हैं।

यह भारत की पहली विश्व एथलेटिक्स महाद्वीपीय टूर की रजत स्तर की प्रतियोगिता है। पिछले साल यहां कांस्य स्तर की प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जिसमें 17 देशों के 195 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इसकी सफलता के बाद विश्व एथलेटिक्स ने इस साल भुवनेश्वर की प्रतियोगिता को रजत स्तर में अपग्रेड किया।

पुरुषों की लंबी कूद में श्रीशंकर के अलावा शहनवाज खान, लोकेश सत्यनाथन और पी. डेविड जैसे शीर्ष भारतीय खिलाड़ी उतरेंगे। इन सभी का इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आठ मीटर से अधिक है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों के पोडियम पर तीनों स्थान हासिल करने की संभावना है।

वहीं 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी गुरिंदरवीर सिंह के साथ अनिमेष कुजूर भी चुनौती पेश करेंगे। दक्षिण अफ्रीका के रेटशिडिस्टवे म्लेंगा और जापान के युकी कोइके को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। ऐसे में ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता यशवीर सिंह और भारतीयों में इस सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन वाले रोहित यादव घरेलू चुनौती की अगुवाई करेंगे।

एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता किशोर जेना भी प्रतियोगिता में मौजूद होंगे। भारतीय खिलाड़ियों के पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में भी दबदबा बनाने की उम्मीद है।

नीरज शुक्रवार को लुसाने डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे।

भाषा नमिता आनन्द आनन्द

आनन्द