मुंबई, 24 अगस्त (भाषा) अभिनेता अजय देवगन ने सोमवार को घोषणा की कि फिल्म ‘दृश्यम’ की तीसरी कड़ी का नाम अब ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ होगा और यह दो अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह मोहनलाल अभिनीत मलयालम फिल्म का हिंदी रूपांतरण है। इसमें अजय देवगन ने विजय सालगांवकर की भूमिका निभायी है।
मोहनलाल अभिनीत मलयालम संस्करण का तीसरा भाग मई में रिलीज हुआ था और फिल्म ने बड़े पर्दे पर अच्छा कारोबार किया।
देवगन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर जारी किया और कैप्शन में लिखा, “हर इंसान का नज़रिया अलग होता है… मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है।”
हिंदी संस्करण का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। पिछले भाग का निर्देशन भी पाठक ने ही किया था। फिल्म का निर्माण स्टार स्टूडियो18 और पैनोरमा स्टूडियोज ने किया है।
तब्बू, रजत कपूर और श्रिया सरन अपनी-अपनी पुरानी भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि प्रकाश राज और जयदीप अहलावत फिल्म के नए कलाकार हैं।
साल 2015 में रिलीज हुई ‘दृश्यम’ 2013 में आई मूल मलयालम भाषा की फिल्म का हिंदी रूपांतरण थी, जिसे जीतू जोसेफ ने लिखा और निर्देशित किया था।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश
अविनाश