खगड़िया, 29 जुलाई (भाषा) बिहार के खगड़िया जिले में 25 वर्षीय महिला अमीन (भूमि सर्वेक्षक) की किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
घटना जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के छोटीचक की है।
मृतक की पहचान कटिहार जिले के सेमापुर क्षेत्र के मौलानगर निवासी बरखा रानी के रूप में हुई है, जिनकी तीन दिन के लिए गोगरी अंचल में प्रतिनियुक्ति की गई थी।
खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक एवं तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद ही निकाला जा सकेगा।’’
उन्होंने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) की मौजूदगी में एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी ने हालांकि यह पुष्टि नहीं की कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना का पता बुधवार सुबह चला जब घरेलू कामगार ने बरखा रानी के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया।
उन्होंने बताया कि कई बार आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों और मकान मालिक ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मकान मालिक नवीन पंडित ने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां महिला का शव छत के पंखे से लटका मिला।
गोगरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि कथित आत्महत्या के मामले में जांच जारी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
भाषा सं कैलाश
जोहेब
जोहेब