खगड़िया में शिक्षक के सजा देने के बाद सात छात्राएं बेहोश, उपचार के बाद सभी को मिली छुट्टी

Ads

खगड़िया में शिक्षक के सजा देने के बाद सात छात्राएं बेहोश, उपचार के बाद सभी को मिली छुट्टी

  •  
  • Publish Date - July 8, 2026 / 05:41 PM IST,
    Updated On - July 8, 2026 / 05:41 PM IST

खगड़िया, आठ जुलाई (भाषा) बिहार के खगड़िया जिले में एक शिक्षक द्वारा दी गई सजा के बाद सात छात्राएं बेहोश हो गईं, जिसकी वजह से अभिभावकों के बीच आक्रोश फैल गया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

घटना मंगलवार को जिले के मानसी नगर पंचायत क्षेत्र स्थित एकनिया माध्यमिक विद्यालय में हुई।

जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार गोंड ने कहा, ‘बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए था। विद्यालय के एक शिक्षक ने मनमाने ढंग से कार्रवाई की। शिक्षक और प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं लगा तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।’

उन्होंने कहा कि जिले के दूसरे विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को भी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए।

अधिकारियों के अनुसार, विद्यालय की कक्षा छह की कई छात्राओं ने गृहकार्य पूरा नहीं किया था, जिसकी वजह से एक शिक्षक ने उन्हें उठक-बैठक करने की सजा दी, हालांकि इस दौरान सात छात्राएं बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

घटना के बाद अभिभावक और गांववाले विद्यालय परिसर में एकत्र हुए नाराजगी जताई। हालांकि, अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया।

उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए मानसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत स्थिर होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

सं भाषा कैलाश

जोहेब

जोहेब