ग्लास्गो पहुंचे भारतीय जूडो खिलाड़ियों का सामान पहुंचने में देरी

Ads

ग्लास्गो पहुंचे भारतीय जूडो खिलाड़ियों का सामान पहुंचने में देरी

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 08:39 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 08:39 PM IST

(अपराजिता उपाध्याय)

ग्लास्गो, 29 जुलाई (भाषा) राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ग्लास्गो पहुंचने पर भारतीय जूडो खिलाड़ियों को अपना सामान नहीं मिला, इससे कुछ ही दिन पहले भारतीय मुक्केबाजी टीम को भी इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था।

महासंघ के सूत्रों के अनुसार भारत से ग्लास्गो पहुंचे 16 सदस्यीय भारतीय जूडो दल के कई खिलाड़ियों का सामान उनके साथ नहीं पहुंचा।

लापता सामान में ट्रेनिंग के उपकरण और ‘जूडोगी’ (जूडो की ट्रेनिंग और प्रतियोगिता के दौरान पहनी जाने वाली पारंपरिक पोशाक) शामिल हैं। इसके कारण प्रतियोगिता शुरू होने से कुछ दिन पहले खिलाड़ी अपने जरूरी सामान का इंतजार करने को मजबूर हैं।

सूत्रों ने बताया कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने इस मामले का संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि खिलाड़ियों का सामान जल्द से जल्द उन्हें उपलब्ध कराया जाए।

जूडो प्रतियोगिताएं 31 जुलाई से शुरू होने वाली हैं।

एक सप्ताह से भी कम समय पहले इसी तरह की घटना भारतीय मुक्केबाजी दल के साथ भी हुई थी और बेलफास्ट में ट्रेनिंग शिविर से लौटने के बाद कई मुक्केबाजों और सहयोगी स्टाफ का सामान भी ग्लास्गो पहुंचने पर नहीं मिला था।

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर