महिला आरक्षण से संबंधित संशोधन विधेयक पारित नहीं होने के विरोध में महिलाओं ने निकाला मशाल जुलूस
महिला आरक्षण से संबंधित संशोधन विधेयक पारित नहीं होने के विरोध में महिलाओं ने निकाला मशाल जुलूस
पटना, 28 अप्रैल (भाषा) महिला आरक्षण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं होने के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मशाल जुलूस निकाला।
यह जुलूस आयकर गोलंबर के पास से शुरू होकर डाकबंगला चौराहा तक गया। इस दौरान महिलाओं ने विपक्षी दलों पर ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 2023’ को लागू करने के लिए आवश्यक संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के पारित होने में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
सभा को संबोधित करते हुए राज्य भाजपा प्रमुख संजय सरावगी ने कहा कि यह ‘‘सिर्फ एक जुलूस नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के समर्थन का प्रतीक है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत विपक्षी दलों ने इस विधेयक को रोकने की साजिश रची, जबकि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले एक दशक में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकारें संसद तथा राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस जुलूस में बिहार की पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह, राज्यसभा सदस्य धर्मशिला गुप्ता, कई विधायक, विधान पार्षद तथा भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी शामिल हुईं।
भाषा कैलाश शोभना
शोभना

Facebook


