तेलंगाना में 7,597 करोड़ रुपये की लागत से 190 किलोमीटर की राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी

Ads

तेलंगाना में 7,597 करोड़ रुपये की लागत से 190 किलोमीटर की राजमार्ग परियोजनाओं को मंजूरी

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 04:36 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 04:36 PM IST

नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तेलंगाना में 190.76 किलोमीटर लंबाई वाली दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को बुधवार को मंजूरी दे दी। इनकी कुल लागत 7,597.16 करोड़ रुपये है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने एनएच-63 के आर्मूर–जगतियाल–मंचेरियल खंड को हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (एचएएम) पर और एनएच-563 के जगतियाल–करीमनगर खंड को बीओटी मॉडल पर चार-लेन में चौड़ा करने को मंजूरी दी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, आर्मूर–जगतियाल–मंचेरियल खंड निजामाबाद, जगतियाल और मंचेरियल जिलों से होकर गुजरता है जहां अंक्सापूर, कोरुतला, जगतियाल, धर्मपुरी, लक्षेट्टीपेट तथा मंचेरियल जैसे क्षेत्रों में घनी आबादी और निर्माण के कारण भारी जाम की स्थिति बनी रहती है।

इसी तरह, जगतियाल–करीमनगर खंड जगतियाल, पोथाराम, गंगाधारा और करीमनगर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है, जहां यातायात अधिक है।

परियोजनाओं के तहत चार-लेन सड़कें बनाई जाएंगी, जिनमें शहरी क्षेत्रों के लिए बाईपास और ‘ओपन टोलिंग’ व्यवस्था होगी। इससे 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सुनिश्चित होगी और निजामाबाद, जगतियाल, मंचेरियल और करीमनगर जिलों में यात्रा सुगमता में सुधार होगा।

परियोजना से क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और सामाजिक-आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। इसके पूरे होने पर आर्मूर तथा मंचेरियल के बीच यात्रा समय में लगभग एक घंटा 30 मिनट तथा जगतियाल और करीमनगर के बीच करीब 45 मिनट की कमी आने की उम्मीद है। इससे यात्रियों और माल परिवहन के लिए सुरक्षित, तेज और निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा।

इसके अलावा, इस परियोजना से ईंधन खपत, कार्बन उत्सर्जन और वाहन परिचालन लागत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।

भाषा निहारिका अजय

अजय