नयी दिल्ली, तीन जून (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ओडिशा में रामेश्वर से पारादीप तक नए तटीय राजमार्ग के निर्माण को बुधवार को मंजूरी दे दी। इसकी कुल परियोजना लागत 8,300.79 करोड़ रुपये है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, रामेश्वर से पारादीप तक यह नया तटीय राजमार्ग हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर दो पैकेज में बनाया जाएगा, जिसकी कुल लंबाई 160.18 किलोमीटर होगी।
यह परियोजना ओडिशा के खुर्दा, पुरी, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों से होकर जाएगी।
बयान में कहा गया कि पुरी–सतपाड़ा और पुरी–कोणार्क मार्गों पर वर्तमान सड़क संरचना कमजोर है जहां लगभग 40 प्रतिशत हिस्से में ‘रिबन’ विकास और सड़क किनारे स्थानीय यातायात अधिक है। इससे यह मार्ग लंबी दूरी के सुचारू और कुशल आवागमन के लिए उपयुक्त नहीं है।
किसी मुख्य सड़क, राजमार्ग, रेलवे लाइन या नहर के किनारे-किनारे लगातार एक लंबी पंक्ति (रिबन की तरह) में घरों, दुकानों या इमारतों के निर्माण को ‘रिबन’ विकास कहा जाता है।
परियोजना के तहत रामेश्वर से कोणार्क (पैकेज-1) तक चार लेन और कोणार्क से पारादीप (पैकेज-2) तक दो लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सुनिश्चित होगी और संबंधित जिलों में यात्रा सुगमता में सुधार होगा।
यह परियोजना क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगी और सामाजिक-आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देगी।
परियोजना के पूरा होने पर रामेश्वर और पारादीप के बीच यात्रा समय में लगभग दो घंटे 30 मिनट की कमी आने की उम्मीद है। साथ ही यात्रियों और माल परिवहन के लिए सुरक्षित, तेज और निर्बाध संपर्क उपलब्ध होगा।
इसके अलावा, इससे ईंधन की खपत, कार्बन उत्सर्जन और वाहन परिचालन लागत (वीओसी) में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
भाषा निहारिका अजय
अजय