एथर एनर्जी में 1.92 प्रतिशत हिस्सेदारी 521 करोड़ रुपये में बिकी
एथर एनर्जी में 1.92 प्रतिशत हिस्सेदारी 521 करोड़ रुपये में बिकी
नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) मॉर्गन स्टेनली, गोल्डमैन सैश, सोसाइटी जनरली और अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी सहित कई संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को खुले बाजार में लेनदेन के जरिये एथर एनर्जी में 1.92 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 521 करोड़ रुपये में खरीदी।
इलेक्ट्रिक दोपहिया विनिर्माता एथर एनर्जी में यह हिस्सेदारी नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) ने बेची।
बीएसई और एनएसई पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इन निवेशकों ने कुल 73,33,219 शेयर औसतन 710 रुपये प्रति शेयर के भाव पर खरीदे। इस तरह इस सौदे का कुल मूल्य 520.66 करोड़ रुपये रहा।
एनआईआईएफ ने अपनी सहयोगी इकाई नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड-2 के जरिये इन शेयरों की बिक्री की। मुंबई स्थित एनआईआईएफ एक सरकार-समर्थित वैकल्पिक परिसंपत्ति प्रबंधक है।
इस सौदे के बाद एथर एनर्जी में अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचकर एनआईआईएफ बाहर निकल गया है। दिसंबर तिमाही के अंत तक एनआईआईएफ के पास एथर एनर्जी में 1.92 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
खरीदारी करने वालों में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड, टाटा म्यूचुअल फंड, इनवेस्को म्यूचुअल फंड, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड, व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड और टाटा एआईजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड भी शामिल हैं।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


