दिसंबर तक 75 लाख घरों की छतों पर लग जाएंगी सौर प्रणालीः जोशी

Ads

दिसंबर तक 75 लाख घरों की छतों पर लग जाएंगी सौर प्रणालीः जोशी

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 08:29 PM IST

नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने बृहस्पतिवार को विश्वास जताया कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत दिसंबर तक 75 लाख घरों में छतों पर सौर इकाई (रूफटॉप सोलर) लगाने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।

फिलहाल इस योजना के तहत करीब 41 लाख घरों में सौर संयंत्र लगाए जा चुके हैं।

सरकार ने फरवरी, 2024 में इस योजना की शुरुआत 75,021 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ की थी। इसका उद्देश्य एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर लगाकर हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है।

योजना के तहत दो किलोवाट तक की सौर प्रणाली पर 60 प्रतिशत और दो से तीन किलोवाट के बीच की क्षमता पर अतिरिक्त 40 प्रतिशत केंद्रीय वित्तीय सहायता (सीएफए) दी जाती है। अधिकतम तीन किलोवाट तक सब्सिडी का लाभ मिलता है।

जोशी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह योजना देश के ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रही है और दो वर्षों में 40 लाख से अधिक परिवार इससे जुड़ चुके हैं। वहीं 65 लाख से अधिक आवेदन प्रक्रिया में हैं और अगले सात महीनों में 75 लाख घरों का लक्ष्य पाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है।’

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कम और मध्यम आय वाले परिवारों को इस योजना का अधिक लाभ मिलेगा।

इससे पहले जोशी ने विभिन्न मंत्रालयों और संस्थानों के अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर लगाए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई।

जोशी ने कहा कि सरकारी भवनों पर सौर इकाई लगाने का 80 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है और अब तक 53,874 भवनों में कुल 855 मेगावाट क्षमता स्थापित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने से पहले जहां हर महीने करीब 7,000 रूफटॉप सोलर लगाए जाते थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर तीन लाख से अधिक हो गई है। इसके साथ, मई 2026 में रिकॉर्ड 3.16 लाख सौर प्रणाली लगाई गईं।

इस योजना को अपनाने के बाद 17 लाख से अधिक परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है, जबकि उपभोक्ताओं ने अतिरिक्त बिजली को ग्रिड को बेचकर 421 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की है।

योजना के तहत अब तक 22,750 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है, जिसमें अकेले 2,743 करोड़ रुपये मई 2026 में दिए गए।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण