वजीरएक्स की वापसी के बाद 95 प्रतिशत सक्रिय कारोबारी पुराने उपयोगकर्ता: रिपोर्ट
वजीरएक्स की वापसी के बाद 95 प्रतिशत सक्रिय कारोबारी पुराने उपयोगकर्ता: रिपोर्ट
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज वजीरएक्स ने कहा है कि 2026 की पहली छमाही में मंच के दोबारा शुरू होने के बाद उसके 95 प्रतिशत कारोबारी पुराने उपयोगकर्ता रहे। कंपनी ने कहा कि इससे निवेशकों के भरोसे में सुधार का संकेत मिलता है।
वजीरएक्स ने ‘एच1 2026 इंडिया क्रिप्टो ट्रेंड्स रिपोर्ट’ जारी करते हुए कहा कि इस अवधि में पुराने उपयोगकर्ताओं की वापसी से कारोबार में सुधार आया। इसके साथ ही फ्यूचर्स ट्रेडिंग और वजीरएक्स जीरो जैसे नए उत्पादों को भी उपयोगकर्ताओं ने अपनाया।
कंपनी ने कहा कि लौटने वाले सात कारोबारियों में से एक ने नया निवेश किया। इस अवधि में जमा राशि निकासी की तुलना में दो से छह गुना अधिक रही। वहीं, निकासी अनुरोधों में करीब 55 प्रतिशत की कमी आई, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे और दीर्घकालिक भागीदारी को दर्शाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, वजीरएक्स के उत्पादों का इस्तेमाल भी तेजी से बढ़ा। वजीरएक्स जीरो के फिक्स्ड-फीस ट्रेडिंग प्लान के ग्राहकों ने प्रति माह भुगतान-आधारित कारोबार करने वाले उपयोगकर्ताओं की तुलना में करीब दोगुना कारोबार किया। इन ग्राहकों में कारोबार की आवृत्ति 13 प्रतिशत अधिक रही और दोबारा सक्रिय होने की दर पांच गुना से अधिक रही।
रिपोर्ट के अनुसार, औसत वजीरएक्स उपयोगकर्ता 34 वर्षीय कामकाजी पेशेवर हैं, जो गैर-महानगर क्षेत्र से आते हैं। सत्यापित उपयोगकर्ताओं में 82 प्रतिशत से अधिक लोग महानगरों से बाहर के हैं। 25 से 34 वर्ष आयु वर्ग के उपयोगकर्ताओं की हिस्सेदारी 50.8 प्रतिशत रही, जबकि करीब 80 प्रतिशत उपयोगकर्ता 25 से 44 वर्ष आयु वर्ग के हैं।
कंपनी ने बताया कि 2026 की पहली छमाही में स्टेबलकॉइन का कुल कारोबार में 38.5 प्रतिशत योगदान रहा, जबकि बिटकॉइन, इथेरियम और लेयर-1 परिसंपत्तियों की हिस्सेदारी 28.4 प्रतिशत रही।
वजीरएक्स के संस्थापक निश्चल शेट्टी ने कहा, ‘2026 की पहली छमाही वजीरएक्स के पुनर्निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण चरण रही। हमने शुरुआत में ही स्पष्ट लक्ष्य रखा था कि ग्राहक संतुष्टि को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।’
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


