एसीएमई सोलर को 450 मेगावाट एफडीआरई परियोजना के लिए 2,646 करोड़ रुपये का मिला वित्तपोषण

Ads

एसीएमई सोलर को 450 मेगावाट एफडीआरई परियोजना के लिए 2,646 करोड़ रुपये का मिला वित्तपोषण

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 11:38 AM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 11:38 AM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) एसीएमई सोलर को सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी आरईसी लिमिटेड से 2,646 करोड़ रुपये का वित्तपोषण मिला है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि इस राशि का उपयोग 450 मेगावाट/1,800 मेगावाट-घंटे की फर्म एंड डिस्पैचेबल रिन्यूएबल एनर्जी (एफडीआरई) परियोजना के विकास एवं निर्माण में किया जाएगा। यह परियोजना उन्नत सौर, पवन और बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) को एकीकृत करती है, जिससे बिजली की अधिक मांग के समय विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

इसमें कहा गया, ‘‘ एसीएमई सोलर ने अपनी एसीएमई ग्रीनटेक सेवेंथ 450 मेगावाट/1,800 मेगावाट-घंटे एश्योर्ड पीक पावर परियोजना के लिए आरईसी लिमिटेड से 2,646.64 करोड़ रुपये का दीर्घकालिक परियोजना वित्तपोषण हासिल किया है।’’

इस परियोजना के लिए आरईसी लिमिटेड अगले 20 वर्ष तक एकमात्र वित्तपोषक होगी।

परियोजना के लिए बिजली खरीद समझौता (पीपीए) एसीएमई सोलर और एसजेवीएन लिमिटेड के बीच 25 वर्ष की अवधि के लिए 6.74 रुपये प्रति यूनिट की दर पर किया गया है।

एसीएमई ग्रीनटेक सेवेंथ एश्योर्ड पीक पावर परियोजना में सौर ऊर्जा और बीईएसएस सहित कई नवीकरणीय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों का संयोजन किया गया है। इससे बिजली आपूर्ति संबंधी दायित्वों को पूरा करने के साथ-साथ आपूर्ति की विश्वसनीयता और उपलब्धता भी बेहतर होगी।

भाषा निहारिका

निहारिका