कोरबा, चार सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सार्वजनिक क्षेत्र की एनटीपीसी के बिजलीघर की सभी सात इकाइयां ब्रेकर की जांच के दौरान इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण ट्रिप हो गईं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों नें बताया कि यह घटना डारी इलाके में स्थित संयंत्र में पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (पीजीसीआईएल) द्वारा ब्रेकर की जांच के दौरान हुई। इसके परिणामस्वरूप एनटीपीसी संयंत्र की सभी सात इकाइयों में बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी ने एक बयान में कहा, ‘पीजीसीआईएल द्वारा पीजीसीआईएल बे के ब्रेकर की जांच के दौरान इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण, कोरबा की सभी इकाइयां ट्रिप हो गई हैं। सभी इकाइयों को फिर से चालू करने की प्रक्रिया चल रही है और उम्मीद है कि यह देर रात तक पूरी हो जाएगी।’
उन्होंने पीटीआई—भाषा से कहा कि सभी सात इकाइयों में बिजली गुल जैसी स्थिति पैदा हो गई है, जिससे बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ।
प्रवक्ता ने कहा कि बहाली की प्रक्रिया चल रही है और इकाइयों को एक-एक करके फिर से चालू किया जाएगा।
एनटीपीसी कोरबा की स्थापित क्षमता लगभग 2,600 मेगावाट है। इसमें 500 मेगावाट की चार इकाइयां और 200 मेगावाट की तीन इकाइयां हैं।
भाषा सं संजीव शफीक रमण
रमण