अदाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड हिमाचल प्रदेश से चेरी खरीदेगी

अदाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड हिमाचल प्रदेश से चेरी खरीदेगी

अदाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड हिमाचल प्रदेश से चेरी खरीदेगी
Modified Date: May 9, 2026 / 07:31 pm IST
Published Date: May 9, 2026 7:31 pm IST

शिमला, नौ मई (भाषा) अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी अदाणी एग्री फ्रेश लिमिटेड (एएएफएल) ने शनिवार को घोषणा की कि वह जल्द ही हिमाचल प्रदेश से गुठलीदार फलों, विशेष रूप से चेरी की खरीद शुरू करेगी।

कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हम आगामी सत्र से चेरी की खरीद शुरू करेंगे और धीरे-धीरे आड़ू एवं आलूबुखारा जैसे अन्य गुठलीदार फलों तक इसका विस्तार करेंगे। यह हमारे सेब खरीद के अनुभव को आगे बढ़ाने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।’

उन्होंने कहा कि इस पहल से फलों के भंडारण की अवधि बढ़ाने, किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाने और उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

प्रवक्ता ने कहा, “एएएफएल हिमाचल प्रदेश में सेब की खरीद, भंडारण और विपणन से जुड़ी शुरुआती संगठित कंपनियों में शामिल रही है। कंपनी ने वर्ष 2006 में ‘फार्म-पिक’ ब्रांड के तहत परिचालन शुरू किया था। तब से अब तक उसने 17,000 से अधिक किसानों से तीन लाख टन से अधिक सेब की खरीद की है और किसानों को सीधे लगभग 1,500 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।”

उन्होंने बताया कि कंपनी ने हिमाचल प्रदेश में कुल 25,000 टन भंडारण क्षमता विकसित की है, जिससे फलों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और किसानों को बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाने में मदद मिली है।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में