बीपीसीएल, अकासा एयर ने पर्यावरण अनुकूल विमान ईंधन को बढ़ावा देने के लिए किया समझौता
बीपीसीएल, अकासा एयर ने पर्यावरण अनुकूल विमान ईंधन को बढ़ावा देने के लिए किया समझौता
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. तथा एयरलाइन कंपनी अकासा एयर ने बुधवार को देश में पर्यावरण अनुकूल विमान ईंधन को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये जाने की घोषणा की।
बीपीसीएल ने बयान में कहा कि यह साझेदारी भारत में सतत विमानन ईंधन (एसएएफ) के मजबूत परिवेश के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर मंगलवार को बीपीसीएल के मुख्य महाप्रबंधक (विपणन- विमानन) सुजीत कुमार और अकासा एयर के मुख्य वित्त अधिकारी अंकुर गोयल ने हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर बीपीसीएल के निदेशक (विपणन) शुभंकर सेन, व्यापार प्रमुख (विमानन) संजीव कुमार तथा बीपीसीएल और अकासा एयर के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बयान के अनुसार, इस समझौता ज्ञापन के माध्यम से भारत के चयनित हवाई अड्डों पर पर्यावरण अनुकूल विमान ईंधन की आपूर्ति और उपयोग के लिए आवश्यक रूपरेखा के विकास में सहयोग को गति मिलेगी।
इस अवसर पर बीपीसीएल के निदेशक (विपणन) सेन ने कहा, “बीपीसीएल विमानन क्षेत्र को भरोसेमंद ईंधन आपूर्ति, बेहतर सेवाएं और नई तकनीक आधारित समाधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के स्वच्छ और कम-कार्बन भविष्य को ध्यान में रखते हुए बीपीसीएल हरित ऊर्जा से जुड़ी कई परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है। हमारा उद्देश्य स्वच्छ, टिकाऊ और नई ऊर्जा तकनीकों के माध्यम से विमानन उद्योग को कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण अनुकूल भविष्य की ओर बढ़ने में सहयोग देना है।”
अकासा एयर के गोयल ने कहा, “बीपीसीएल के साथ यह साझेदारी सतत विमानन ईंधन के उपयोग के लिए हमारी तैयारियों को और मजबूत करेगी। साथ ही, यह भारत में सतत विमानन ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था के विकास को भी गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।”
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


