यूनियन बैंक का लाभ पहली तिमाही में 27 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 5,641.52 करोड़ रुपये पर
यूनियन बैंक का लाभ पहली तिमाही में 27 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 5,641.52 करोड़ रुपये पर
मुंबई, 15 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 27.5 प्रतिशत बढ़कर 5,641.52 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से बेहतर मार्जिन, संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार और ब्याज आय बढ़ने से बैंक का लाभ बढ़ा है।
बैंक ने बुधवार को शेयर बाजार यह जानकारी दी। एक साल पहले 2025-26 की इसी तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 4,427.94 करोड़ रुपये रहा था।
बैंक की शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) आलोच्य तिमाही में सालाना आधार पर 1.05 प्रतिशत बढ़कर ₹27,203 करोड़ हो गई, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 26,919 करोड़ रुपये थी। शुद्ध ब्याज मार्जिन में मामूली वृद्धि से ब्याज आय में वृद्धि सीमित रही।
शुद्ध ब्याज मार्जिन में सालाना आधार पर 0.04 प्रतिशत और पिछली तिमाही के मुकाबले 0.16 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी हुई और यह चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 2.80 प्रतिशत रहा।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष पांडे ने भरोसा जताया कि ब्याज दरों के बदलते माहौल के बावजूद मार्जिन को और बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की ओर से शुरू की गई एफसीएनआर-बी पहल के तहत सितंबर तक लगभग 1.5-2 अरब डॉलर का पूंजी प्रवाह होगा। बैंक ने अब तक 10.6 करोड़ डॉलर की जमा राशि जुटाई है।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हमने अब तक एफसीएनआर-बी (विदेशी मुद्रा प्रवासी-बैंक) जमा के तहत लगभग 10.6 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। हमारा लक्ष्य सितंबर तक 1.5 से दो अरब डॉलर जुटाना है।’’
आलोच्य तिमाही में बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में सुधार हुआ। तीन जून तक सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) 0.87 प्रतिशत घटकर 2.65 प्रतिशत रही।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


