अदाणी समूह, एम्ब्रेयर ने क्षेत्रीय विमानों की असेंबली इकाई के लिए धोलेरा को चुना

Ads

अदाणी समूह, एम्ब्रेयर ने क्षेत्रीय विमानों की असेंबली इकाई के लिए धोलेरा को चुना

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 07:09 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 07:09 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) अदाणी समूह और ब्राजील की विमान विनिर्माता एम्ब्रेयर ने क्षेत्रीय मार्गों पर इस्तेमाल होने वाले विमानों की असेंबली इकाई गुजरात के धोलेरा में लगाने का फैसला किया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अहमदाबाद के निकट स्थित धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र (डीएसआईआर) इस परियोजना का केंद्र होगा। डीएसआईआर को एक योजनाबद्ध हरित औद्योगिक स्मार्ट शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और एम्ब्रेयर के बीच इस वर्ष जनवरी में भारत में क्षेत्रीय परिवहन विमान कार्यक्रम के लिए रणनीतिक सहयोग का समझौता हुआ था।

इस साझेदारी के तहत पहले असेंबली इकाई स्थापित की जाएगी और बाद में चरणबद्ध तरीके से स्वदेशीकरण बढ़ाया जाएगा। यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान और ‘उड़ान’ योजना के अनुरूप है।

सूत्रों ने कहा कि भारत में एम्ब्रेयर विमानों की असेंबली इकाई की स्थापना के लिए धोलेरा को अंतिम रूप से चुन लिया गया है।

हालांकि, एम्ब्रेयर के विमानों के संभावित ऑर्डर सहित विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों कंपनियों ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

एम्ब्रेयर के वाणिज्यिक विमानन प्रमुख अरजान मैजर ने हाल ही में कहा था कि भारत में असेंबली इकाई स्थापित करने के लिए विमान कंपनियों से पर्याप्त ऑर्डर मिलना जरूरी है।

उन्होंने कहा था कि भारत एक विशाल लेकिन जटिल बाजार है, जहां प्रति व्यक्ति हवाई यात्रा अभी कम है, लेकिन इसमें तेजी से वृद्धि की संभावना है।

एम्ब्रेयर भारत में वाणिज्यिक विमानन, रक्षा, व्यावसायिक जेट, सेवाओं और शहरी हवाई परिवहन जैसे क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति मजबूत करना चाहती है।

फिलहाल इसके करीब 50 विमान भारत में विभिन्न सेवाओं में उपयोग हो रहे हैं। इनमें भारतीय वायुसेना, सरकारी एजेंसियां और निजी विमानन कंपनी स्टार एयर शामिल हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय