हिमाचल में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एडीबी, भारत ने किया 13 करोड़ डॉलर का ऋण करार
हिमाचल में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एडीबी, भारत ने किया 13 करोड़ डॉलर का ऋण करार
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) भारत सरकार और एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने, सिंचाई तक पहुंच में सुधार और हिमाचल प्रदेश में किसानों की आय बढ़ाने के लिए बागवानी कृषि व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए 13 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस परियोजना से राज्य के सात जिलों बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर, सोलन और ऊना में कम से कम 15,000 कृषक परिवारों की आय और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति सहिष्णुता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इसमें कहा गया है कि इन परिवारों ने खेती करना छोड़ दिया है या सिंचाई सुविधाओं की कमी तथा जंगली एवं आवारा पशुओं द्वारा फसल को नुकसान पहुंचाने के कारण अपने खेती के रकबे को घटा दिया है।
इसमें कहा गया है कि यह परियोजना राज्य के जल शक्ति विभाग (जल संसाधन विभाग) बागवानी विभाग (डीओएच) के संयुक्त प्रयासों के माध्यम से नई सिंचाई योजनाओं के पुनर्वास या निर्माण तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रबंधन के लिए डब्ल्यूयूए की क्षमता को मजबूत करके लगभग 6,000 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई और जल प्रबंधन में सुधार करेगी।
इसमें कहा गया है, कि यह परियोजना उपोष्णकटिबंधीय बागवानी के बाजारों तक किसानों की पहुंच बढ़ाने के लिए एक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने में भी मदद करेगी। किसानों को क्लस्टर तरीके से सामुदायिक बागवानी उत्पादन और विपणन संघों (सीएचपीएमए) और जिला-व्यापी सीएचपीएमए सहकारी समितियों में संगठित किया जाएगा।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


