आदित्य बिड़ला फैशन को चौथी तिमाही में 163.8 करोड़ रुपये का घाटा

Ads

आदित्य बिड़ला फैशन को चौथी तिमाही में 163.8 करोड़ रुपये का घाटा

  •  
  • Publish Date - May 25, 2026 / 09:21 PM IST,
    Updated On - May 25, 2026 / 09:21 PM IST

नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (एबीएफआरएल) को वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी- मार्च तिमाही 163.81 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ है।

एबीएफआरएल ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। कंपनी ने एक साल पहले समान तिमाही में 23.55 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

हालांकि, वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 1,990.13 करोड़ रुपये हो गयी, जो 15.74 प्रतिशत की वृद्धि है और यह 2024-25 की समान तिमाही में 1,719.48 करोड़ रुपये थी।

कंपनी ने अपनी आय संबंधी प्रस्तुति में कहा कि ‘‘पिछली 12 तिमाहियों में कंपनी की यह अपनी सबसे अधिक वृद्धि’’ है।

प्रस्तुति में कहा गया है कि ‘‘खपत का रुझान स्थिर बना हुआ है’’ क्योंकि मांग पिछली तिमाही के अनुरूप थी।

‘पैंटालूंस’ और ‘स्टाइल अप’ का प्रबंधन करने वाली एबीएफआरएल का जनवरी-मार्च तिमाही में कुल खर्च 16 प्रतिशत बढ़कर 2,287.58 करोड़ रुपये हो गया।

अन्य आय सहित एबीएफआरएल की कुल आय में 16.43 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 2,113.67 करोड़ रुपये हो गई।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में एबीएफआरएल का घाटा बढ़कर 829.89 करोड़ रुपये हो गया। इसकी कुल एकीकृत आय 12.29 प्रतिशत बढ़कर 8,486.53 करोड़ रुपये हो गई।

भाषा यासिर अजय

अजय