नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) एयर इंडिया ने अपने बोइंग 787 विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम रविवार को लंदन हीथ्रो से बेंगलुरु के लिए संचालित एक विमान में स्विच के खराब होने की घटना के बाद उठाया गया है। इस समय एयर इंडिया के पास 33 बोइंग 787 या ड्रीमलाइनर विमान हैं।
सूत्रों के मुताबिक एयर इंडिया के उड़ान संचालन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष उप्पल ने बोइंग 787 पायलटों को बताया कि एयरलाइन ने विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच की बेड़े-वार फिर से जांच शुरू कर दी है।
उप्पल ने कहा कि एक बी787 विमान पर ईंधन नियंत्रण स्विच से जुड़ी खराबी का पता चलतने के बाद एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने प्राथमिकता के आधार पर मूल्यांकन के लिए मामले को बोइंग के पास भेजा है।
उन्होंने मंगलवार को एक ईमेल में कहा कि इस बीच, जब तक हम बोइंग की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं, हमारे इंजीनियरों ने अत्यधिक सावधानी बरतते हुए सामान्य संचालन को सत्यापित करने के लिए ईंधन नियंत्रण स्विच की एहतियाती बेड़े-वार फिर से जांच शुरू कर दी है।
उप्पल ने बी787 पायलटों को भेजे गए ईमेल में यह भी कहा कि जिन विमानों के लिए यह जांच पूरी हो चुकी है, उनमें कोई प्रतिकूल परिणाम नहीं मिले हैं।
इसके अलावा, एयर इंडिया ने चालक दल से परिचालन के दौरान देखी गई किसी भी खराबी के बारे में तुरंत बताने और विमान अपने नियंत्रण में लेने से पहले सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी होने की बात सुनिश्चित करने को कहा है।
एयर इंडिया ने पिछले साल अहमदाबाद में एक बोइंग 787-8 विमान के भीषण हादसे के बाद भी ईंधन नियंत्रण स्विच की जांच की थी। इस दुर्घटना में 260 लोग मारे गए थे।
भाषा पाण्डेय