एयर इंडिया टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी

एयर इंडिया टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी

एयर इंडिया टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी
Modified Date: March 4, 2026 / 09:03 pm IST
Published Date: March 4, 2026 9:03 pm IST

मुंबई, चार मार्च (भाषा) एयर इंडिया ने बुधवार को पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण स्थिति के बीच यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस (चार्ल्स डी गॉल) के लिए अतिरिक्त उड़ानें संचालित करने की घोषणा की।

एयर इंडिया की किफायती सेवा वाली अनुषंगी कंपनी ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ ने भी कहा कि मस्कट के लिए उसकी विमान सेवाएं जारी रहेंगी। इसके साथ ही मस्कट से दिल्ली और मुंबई के बीच अतिरिक्त उड़ानें भी शुरू की जाएंगी।

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन एयर इंडिया ने बताया कि वह पांच से 11 मार्च के बीच दिल्ली और टोरंटो के बीच तीन अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी। इसके अलावा सात से 10 मार्च के बीच दिल्ली-फ्रैंकफर्ट मार्ग पर तीन और दिल्ली-पेरिस मार्ग पर एक अतिरिक्त उड़ान जोड़ी जाएगी।

इन अतिरिक्त सेवाओं से यात्रियों को दिल्ली के माध्यम से एयर इंडिया के व्यापक घरेलू और दक्षिण-पूर्व एशिया नेटवर्क से जुड़ने के बेहतर विकल्प मिलेंगे।

एयर इंडिया ने कहा कि वह स्थिति का बारीकी से आकलन करना जारी रखेगी और 11 मार्च के बाद भी आवश्यकतानुसार अतिरिक्त उड़ानें जोड़ सकती है।

इस बीच, एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह पांच मार्च को मस्कट के लिए अपनी उड़ानें जारी रखेगी और दिल्ली व मुंबई के लिए विशेष उड़ानें भी संचालित करेगी।

कंपनी सात मार्च तक रास अल-खैमाह से दिल्ली, कोच्चि और मुंबई के लिए विशेष उड़ानें भी संचालित कर रही है।

भाषा सुमित पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में