अकासा एयर ने ‘लॉयल्टी’ कार्यक्रम ‘अकासा एलीवेट’ शुरू किया

अकासा एयर ने 'लॉयल्टी' कार्यक्रम 'अकासा एलीवेट' शुरू किया

अकासा एयर ने ‘लॉयल्टी’ कार्यक्रम ‘अकासा एलीवेट’ शुरू किया
Modified Date: August 7, 2026 / 11:39 am IST
Published Date: August 7, 2026 11:39 am IST

नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) एयरलाइन कंपनी अकासा एयर ने परिचालन के चार वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को अपना ‘लॉयल्टी’ कार्यक्रम ‘अकासा एलीवेट’ शुरू किया।

एयरलाइन का कहना है कि इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव और विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

सात अगस्त, 2022 को उड़ान परिचालन शुरू करने वाली एयरलाइन ने शुक्रवार को चार वर्ष पूरे कर लिए।

कंपनी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनय दुबे ने अब तक के सफर को बेहद रोमांचक बताया।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि ‘अकासा एलीवेट’ कार्यक्रम के तहत सदस्य पात्र उड़ानों के साथ-साथ सहायक उत्पादों और सेवाओं पर भी अंक अर्जित कर सकेंगे।

दुबे ने कहा, ‘पांचवें वर्ष में प्रवेश के साथ हमारा ध्यान अनुशासित वृद्धि, परिचालन उत्कृष्टता, कर्मचारियों को केंद्र में रखने और ग्राहकों को विशिष्ट अनुभव उपलब्ध कराने पर केंद्रित रहेगा।’

एयरलाइन ने कहा कि ‘अकासा एलीवेट’ को ग्राहकों की निष्ठा के बदले उन्हें अधिक मूल्य, व्यक्तिगत पहचान और बेहतर यात्रा सुविधाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।

पीटीआई-भाषा से बातचीत में दुबे ने कहा कि अकासा एयर खुद को ‘अनुभव आधारित विमानन सेवा’ मानती है।

उन्होंने कहा, ‘हमने अपने ग्राहकों के लिए बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में काफी मेहनत की है। ऐसे में ग्राहक लॉयल्टी कार्यक्रम की शुरुआत उनके प्रति आभार व्यक्त करने का स्वाभाविक विस्तार है।’

भाषा योगेश

योगेश


लेखक के बारे में