नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) अमेजन इंडिया के व्यापार-से-व्यापार (बी2बी) मंच ‘अमेजन बिजनेस’ ने वर्ष 2025 में वार्षिक बिक्री में सालाना आधार पर 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अमेजन बिजनेस के निदेशक मित्रंजन भादुड़ी ने कहा कि यह मंच बिक्री स्थल पर 17 लाख से अधिक विक्रेताओं के 19 करोड़ से ज्यादा उत्पादों की सूची पेश करता है।
भादुड़ी ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर, अमेजन बिजनेस ने अंतिम सार्वजनिक आंकड़ों के आधार पर 35 अरब डॉलर की वार्षिक बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है। भारत में भी यह व्यवसाय मजबूती से बढ़ रहा है और 2025 में इसमें 35 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है।’
अमेजन बिजनेस, अमेजन इंडिया के ई-कॉमर्स मंच से ही संचालित होता है, लेकिन बी2बी ग्राहकों के लिए इसमें लॉगिन की प्रक्रिया अलग होती है।
भादुड़ी ने बताया कि व्यवसायों द्वारा अपने उपभोग के लिए मंगाई गई थोक इकाइयों के आधार पर कीमतों में अंतर होता है।
उन्होंने कहा कि अमेजन बिजनेस ने 2025 में भारत में व्यवसायों को 2,000 करोड़ रुपये से अधिक का वित्तीय लाभ और मूल्य दिलाने में मदद की है।
भादुड़ी ने बताया कि महानगरों से परे भी इसे काफी अपनाया जा रहा है और अब 70 प्रतिशत से अधिक ग्राहक मझोले और छोटे शहरों से हैं।
भाषा सुमित अजय
अजय