कोलकाता, 21 सितंबर (भाषा) विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी बामर लॉरी एंड कंपनी लिमिटेड अगले तीन साल में करीब 500 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय करेगी।
कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को कहा कि इसमें मुख्य जोर रेल, तृतीय-पक्ष लॉजिस्टिक (3पीएल) और यात्रा कारोबार के विस्तार पर होगा।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अधीप नाथ पाल चौधरी ने 109वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) से इतर कहा कि करीब 500 करोड़ रुपये के कुल प्रस्तावित निवेश में से 200-250 करोड़ रुपये रेल लॉजिस्टिक खंड में लगाए जाएंगे, जबकि करीब 100 करोड़ रुपये पैकेजिंग, ग्रीस एवं लुब्रिकेंट्स और रसायन जैसे मौजूदा कारोबार में नियमित परिचालन संबंधी पूंजीगत व्यय के लिए रखे गए हैं।
उन्होंने कहा कि कंपनी 3पीएल कारोबार के विस्तार पर भी 50-60 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
पाल चौधरी ने कहा कि लॉजिस्टिक कारोबार के तहत कंपनी अपने रेल रैक की संख्या मौजूदा तीन से बढ़ाकर 15 करने की योजना बना रही है। अभी ये रैक पट्टे पर लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पहली बार कंपनी तीन रैक सीधे खरीदेगी और इसके लिए निविदाएं जारी की जा चुकी हैं। पहले चरण में सात और रेक जोड़े जाएंगे।
इनमें पट्टे पर लिए जाने वाले रैक भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘रेल लॉजिस्टिक हमारे लिए बहुत मजबूत कारोबार के रूप में उभरा है, जिसमें हम महत्वपूर्ण पूंजीगत व्यय कर रहे हैं। अभी हम तीन रैक चला रहे हैं और इसे काफी बढ़ाने की योजना है। हमारा लक्ष्य इसे करीब 15 रैक तक ले जाना है।’’
पाल चौधरी ने कहा कि एक रैक की लागत आमतौर पर करीब 20-25 करोड़ रुपये होती है और इसलिए अगले कुछ वर्षों में 500 करोड़ रुपये के कुल पूंजीगत व्यय का बड़ा हिस्सा रेल परिसंपत्तियों की खरीद में जाएगा।
भाषा योगेश अजय
अजय