नयी दिल्ली, 23 सितंबर (भाषा) ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन रिटेल का शुद्ध घाटा वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1,158.3 करोड़ रुपये हो गया। कारोबार आसूचना मंच टॉफलर ने कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों के आधार पर यह जानकारी दी।
अमेजन नाउ और अमेजन फ्रेश का संचालन करने वाली अमेजन रिटेल को वित्त वर्ष 2024-25 में 394.2 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था।
दस्तावेजों के अनुसार, घाटे में बढ़ोतरी मुख्य रूप से माल की लागत में वृद्धि के कारण हुई। वित्त वर्ष 2025-26 में माल की लागत 64 प्रतिशत बढ़कर 2,887.9 करोड़ रुपये हो गई, जो कंपनी के राजस्व का करीब 94 प्रतिशत है।
अमेजन रिटेल की कुल बिक्री समीक्षाधीन वित्त वर्ष में 49.46 प्रतिशत बढ़कर 3,065.1 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 2,050.8 करोड़ रुपये थी।
टॉफलर ने कहा, ‘‘अमेजन रिटेल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में 3,080 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 49 प्रतिशत अधिक है। कंपनी को इसी अवधि में 1,158 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 194 प्रतिशत की वृद्धि है।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय