अंबुजा सीमेंट्स का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 37 प्रतिशत बढ़कर 1,857 करोड़ रुपये
अंबुजा सीमेंट्स का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 37 प्रतिशत बढ़कर 1,857 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड (एसीएल) का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 37.43 प्रतिशत बढ़कर 1,857.43 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 1,351.46 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय 10 प्रतिशत बढ़कर 10,891.68 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 9,894.41 करोड़ रुपये थी।
जनवरी-मार्च तिमाही के दौरान कंपनी का कुल खर्च 19.3 प्रतिशत बढ़कर 10,525.09 करोड़ रुपये हो गया।
चौथी तिमाही में कंपनी की सीमेंट बिक्री से आय 8.6 प्रतिशत बढ़कर 10,417.69 करोड़ रुपये रही।
कंपनी ने कहा कि जनवरी- मार्च तिमाही में उसने अब तक का सर्वाधिक तिमाही राजस्व और बिक्री मात्रा दर्ज की है।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी की एकीकृत कुल आय 5.64 प्रतिशत बढ़कर 11,149.36 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान अवधि में 10,553.81 करोड़ रुपये थी।
एसीएल के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनोद बाहेती ने कहा, “कंपनी की बिक्री मात्रा उद्योग की तुलना में अधिक तेजी से बढ़ी है। बेहतर प्राप्तियां, प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ने और मौजूदा परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग से प्रदर्शन मजबूत रहा।”
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड का शुद्ध लाभ 6.47 प्रतिशत बढ़कर 5,637.08 करोड़ रुपये रहा, जबकि एकीकृत कुल आय 5.64 प्रतिशत बढ़कर 41,490.02 करोड़ रुपये हो गई।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 100 प्रतिशत यानी दो रुपये के अंकित मूल्य पर प्रति शेयर दो रुपये लाभांश देने की सिफारिश की है।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


