अंबुजा सीमेंट्स का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 36.6 प्रतिशत घटकर 660 करोड़ रुपये पर
अंबुजा सीमेंट्स का जून तिमाही में शुद्ध लाभ 36.6 प्रतिशत घटकर 660 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (भाषा) अदाणी समूह की कंपनी अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 36.6 प्रतिशत घटकर 660 करोड़ रुपये रह गया। बिक्री कम होने से उसके लाभ में यह कमी आई है।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को अप्रैल-जून तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की सूचना दी। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी को 1,041 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
आलोच्य तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 7.51 प्रतिशत घटकर 9,474 करोड़ रुपये रही, जबकि कुल बिक्री मात्रा 1.99 करोड़ टन से घटकर 1.71 करोड़ टन रह गई।
कंपनी की सीमेंट खंड से आय 9,062 करोड़ रुपये और रेडी मिक्स कंक्रीट से 507 करोड़ रुपये रही।
अंबुजा सीमेंट्स ने एक आय प्रस्तुति में कहा, “व्यापार मिश्रण में सुधार, कम मुनाफे वाली बिक्री को घटाने और मिश्रित सीमेंट पर जोर देने के कारण बिक्री मात्रा में नरमी आई। यह रणनीति मात्रा के बजाय मूल्य को प्राथमिकता देने के लिए अपनाई गई है।”
बीती तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 8.3 प्रतिशत गिरकर 9,669 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान कुल व्यय 3.92 प्रतिशत घटकर 8,802 करोड़ रुपये रहा।
तिमाही के दौरान पश्चिम एशिया तनाव का असर बने रहने के बावजूद लागत में 206 रुपये प्रति टन की गिरावट दर्ज की गई। नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 973 मेगावाट पहुंचने से हरित ऊर्जा की हिस्सेदारी बढ़कर 34 प्रतिशत हो गई।
अंबुजा सीमेंट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विनोद बाहेती ने कहा कि कंपनी लागत को घटाकर वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक 4,250 रुपये प्रति टन तक लाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। कंपनी की क्षमता भी बढ़ाकर 11.9 करोड़ टन प्रति वर्ष करने की योजना है।
सीमेंट उद्योग के परिदृश्य पर कंपनी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में मांग वृद्धि लगभग पांच प्रतिशत रह सकती है। हालांकि, दीर्घकाल में बुनियादी ढांचा और आवास क्षेत्र से मांग मजबूत रहने की उम्मीद है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


