एलपीजी किल्लत के बीच अमेजन पर तत्काल बनने वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री 15 प्रतिशत बढ़ी
एलपीजी किल्लत के बीच अमेजन पर तत्काल बनने वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री 15 प्रतिशत बढ़ी
नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) एलपीजी आपूर्ति में व्यवधान के बीच ई-कॉमर्स मंच अमेजन पर जल्द पकने वाले और तत्काल उपयोग के लिए तैयार खाद्य उत्पादों की मांग में करीब 15 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
अमेजन इंडिया ने बुधवार को बयान में कहा कि एलपीजी संकट पैदा होने के बाद उसके मंच पर इंस्टेंट नूडल्स, डिब्बाबंद खाना, स्नैक्स और पेय पदार्थ जैसी श्रेणियों की बिक्री में खासी बढ़ोतरी देखी गई है।
कंपनी ने कहा, ‘‘यह मांग केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई जैसे महानगरों के साथ-साथ सोनीपत और पणजी जैसे छोटे शहरों में भी देखी जा रही है।’’
अमेजन के क्विक कॉमर्स मंच ‘अमेजन नाउ’ पर तत्काल खपत के लिए तैयार और डिब्बाबंद खाद्य उत्पादों की बिक्री में मासिक आधार पर लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह तेजी खासकर दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और बेंगलुरु के कुछ हिस्सों में रही है।
इसके साथ ही, रोजमर्रा की जरूरत वाले किराना उत्पादों की योजनाबद्ध खरीदारी में भी स्थिर मांग बनी हुई है। आटा-दाल-चावल, खाद्य तेल, पेय पदार्थ और ड्राई फ्रूट जैसी श्रेणियों में भी अच्छा रुझान देखा जा रहा है।
कंपनी ने ‘रेडी टू ईट स्टोर’ भी शुरू किया है, जहां तत्काल खाने के लिए तैयार उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए गए हैं।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण आपूर्ति बाधित होने से देशभर में एलपीजी खपत प्रभावित हुई है।
उद्योग के प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक, मार्च के पहले पखवाड़े में एलपीजी खपत 17.7 प्रतिशत घटकर 11.47 करोड़ टन रह गई, जबकि भारत अपनी लगभग 60 प्रतिशत जरूरत आयात से पूरी करता है। लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने से गैस की किल्लत पैदा हो गई है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


