एंथ्रोपिक भारत में स्थानीय सर्वर के जरिये देगी ‘क्लॉड’ सेवा, एडब्ल्यूएस के साथ साझेदारी
एंथ्रोपिक भारत में स्थानीय सर्वर के जरिये देगी ‘क्लॉड’ सेवा, एडब्ल्यूएस के साथ साझेदारी
नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एंथ्रोपिक ने सोमवार को कहा कि वह भारत में अपने एआई मंच ‘क्लॉड’ की सेवाएं देश के भीतर स्थित सर्वर के जरिये ही उपलब्ध कराएगी। इसके लिए कंपनी ने अमेजन वेब सर्विसेज (एडब्ल्यूएएस) के साथ साझेदारी की है।
एंथ्रोपिक ने एक बयान में कहा कि भारत में स्थित सर्वर के जरिये ही डेटा प्रसंस्करण किए जाने की भारतीय ग्राहकों की मांग को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।
अमेरिकी कंपनी ने कहा, ‘‘आने वाले हफ्तों में क्लॉड को एडब्ल्यूएस के मंच ‘अमेजन बेडरॉक’ के जरिये भारत में स्थानीय स्तर पर डेटा प्रसंस्करण के साथ उपलब्ध कराया जाएगा। इस तरह भारत से भेजे गए अनुरोध देश में ही स्थित सर्वर पर संभाले जाएंगे।’’
एंथ्रोपिक ने कहा कि भारत क्लॉड के सबसे बड़े बाजारों में से एक है, जहां डेवलपर समुदाय जटिल एआई कार्यों पर काम कर रहा है।
क्लॉड की गिनती ओपनएआई के चैटजीपीटी और गूगल के जेमिनी जैसे प्रमुख एआई मंचों की श्रेणी में होती है।
एंथ्रोपिक की भारत प्रमुख इरीना घोष ने कहा कि भारत में क्लॉड को स्थानीय सर्वर पर लेकर आना उद्यम एआई के लिए एक अहम मोड़ है।
घोष ने कहा, ‘‘बैंकों, बीमा कंपनियों, दूरसंचार और सरकारी एजेंसियों जैसे क्षेत्रों के लिए डेटा का देश में ही रहना बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे एआई का उपयोग पायलट परियोजनाओं से आगे बढ़कर मुख्य प्रणालियों में हो सकेगा।’’
कंपनी के अनुसार, क्लॉड के लिए स्थानीय सर्वर होने से विनियमित क्षेत्रों में सक्रिय भारतीय संस्थाओं को डेटा सुरक्षा और अनुपालन को लेकर अधिक भरोसा मिलेगा। इस व्यवस्था में गतिविधियों का रिकॉर्ड रखने और पहुंच नियंत्रित करने जैसी सुविधाएं भी होंगी।
इस घोषणा का कोटक महिंद्रा बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अशोक वासवानी ने स्वागत करते हुए कहा, ‘‘देश में ही विश्वसनीय और उन्नत एआई तक पहुंच मिलना समूची पारिस्थितिकी के लिए सकारात्मक कदम है, क्योंकि इससे इन प्रौद्योगिकियों के जिम्मेदार उपयोग के नए रास्ते खुलते हैं।’’
एंथ्रोपिक ने बताया कि भारत की आईटी सेवा कंपनियां भी क्लॉड को तेजी से अपना रही हैं। टीसीएस अपने 50,000 कर्मचारियों को क्लॉड सुविधा से लैस कर रही है, जबकि इन्फोसिस इसे अपने टोपाज़ मंच के साथ इसे जोड़ रही है। कॉग्निजेंट भी विनिर्माण, जीवन विज्ञान और बीमा जैसे क्षेत्रों में इसका उपयोग कर रही है।
दिग्गज एआई कंपनी ने कहा कि मार्च 2026 में पेश क्लॉड पार्टनर नेटवर्क में भारत से सबसे ज्यादा पंजीकरण देखे गए हैं। एंथ्रोपिक इस सप्ताह बेंगलुरु में भागीदारों के लिए क्लॉड प्रमाणन कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिसमें 5,000 लोगों को प्रमाणित करने का लक्ष्य है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


