अनुपम रसायन ब्लिस जीवीएस फार्मा में 43 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी

Ads

अनुपम रसायन ब्लिस जीवीएस फार्मा में 43 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगी

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 02:44 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 02:44 PM IST

नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) विशिष्ट रसायन बनाने वाली कंपनी अनुपम रसायन इंडिया ने दवा विनिर्माण कंपनी ब्लिस जीवीएस फार्मा लिमिटेड में 43.3 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए 1,369.51 करोड़ रुपये के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। एक बयान में जानकारी दी गई।

बयान के अनुसार, कंपनी ने इसके साथ अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए खुला प्रस्ताव भी लाने की घोषणा की है।

अनुपम रसायन ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि कंपनी ने 299 रुपये प्रति शेयर की दर से 1,369.51 करोड़ रुपये में 43.3 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की योजना बनाई है। इसके साथ ही उसने समान कीमत पर सार्वजनिक शेयरधारकों से 26 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए अनिवार्य खुली पेशकश भी की है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक आनंद देसाई ने कहा, ‘‘हमने ब्लिस जीवीएस फार्मा में 43.3 से 48.2 प्रतिशत तक इक्विटी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए एक पक्का समझौता किया है और सार्वजनिक शेयरधारकों के लिए खुला प्रस्ताव भी ला रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस अधिग्रहण के लिए 300 करोड़ रुपये का सावधि ऋण लिया जाएगा, जबकि शेष राशि गैर-नियंत्रक और गैर-मताधिकार वाली इक्विटी साधनों के माध्यम से जुटाई जाएगी।

देसाई ने कहा, ‘‘इससे हम दवा मूल्य श्रृंखला में अपनी स्थिति को रणनीतिक रूप से मजबूत कर सकेंगे, जिसमें प्रमुख प्रारंभिक सामग्री से लेकर तैयार दवा निर्माण तक शामिल हैं।’

भाषा योगेश अजय

अजय