एप्पल इंडिया का 2025-26 में राजस्व 20 प्रतिशत बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये के करीब

एप्पल इंडिया का 2025-26 में राजस्व 20 प्रतिशत बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये के करीब

एप्पल इंडिया का 2025-26 में राजस्व 20 प्रतिशत बढ़कर एक लाख करोड़ रुपये के करीब
Modified Date: August 4, 2026 / 10:04 pm IST
Published Date: August 4, 2026 10:04 pm IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल का भारत में राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में 20 प्रतिशत से अधिक बढ़कर करीब एक लाख करोड़ रुपये हो गया जबकि आईफोन की आपूर्ति सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़ गई। उद्योग सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

सूत्रों के मुताबिक, एप्पल के भारतीय कारोबार की आय 10 अरब अमेरिकी डॉलर के स्तर को पार कर गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब एक लाख करोड़ रुपये के बराबर है।

वित्त वर्ष 2024-25 में एप्पल इंडिया की एकीकृत आय लगभग 79,000 करोड़ रुपये रही थी।

बाजार अनुसंधान फर्म काउंटरपॉइंट रिसर्च के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 में एप्पल के आईफोन की आपूर्ति सालाना आधार पर 24 प्रतिशत बढ़कर करीब 1.4 करोड़ इकाई हो गई। भारत में एप्पल को सर्वाधिक राजस्व आईफोन से ही मिलता है।

काउंटरप्वाइंट के सह-संस्थापक और शोध उपाध्यक्ष नील शाह ने कहा कि भारत एप्पल के लिए एक प्रमुख वृद्धि बाजार बनकर उभरा है, जहां उपभोक्ता तेजी से प्रीमियम स्मार्टफोन की तरफ रुख कर रहे हैं। कंपनी ने खुदरा उपस्थिति के विस्तार, स्थानीय विनिर्माण और आसान वित्तपोषण विकल्पों के जरिये अपनी पकड़ मजबूत की है।

इंटरनेशनल डेटा कॉरपोरेशन (आईडीसी) इंडिया के विश्लेषक नवकेंदर सिंह ने कहा कि भारत हाल की तिमाही में एप्पल के लिए एक प्रमुख बाजार बना रहा और कंपनी ने दहाई अंक वाली वृद्धि के साथ नया राजस्व रिकॉर्ड बनाया।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आपूर्ति संबंधी बाधाएं और वैश्विक मेमोरी लागत में वृद्धि से कीमतों पर असर पड़ सकता है लेकिन मांग पर इसका प्रभाव सीमित ही रहने का अनुमान है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में