नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) सरकारी बैंकों और वित्तीय संस्थानों के निदेशकों का चयन करने वाली संस्था एफएसआईबी ने चालू वित्त वर्ष के दौरान राष्ट्रीयकृत बैंकों में कार्यकारी निदेशकों (ईडी) की नियुक्ति के लिए निजी क्षेत्र सहित पात्र उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
निजी क्षेत्र के उम्मीदवारों को शामिल करना तय प्रक्रिया से अलग एक बदलाव है और यह पहली बार है जब वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो (एफएसआईबी) चालू वित्त वर्ष के दौरान सृजित होने वाली ईडी की आधा दर्जन से अधिक रिक्तियों के लिए निजी क्षेत्र के उम्मीदवारों पर भी विचार करेगा।
ब्यूरो के पात्रता मानदंडों के अनुसार निजी क्षेत्र के आवेदक के पास कम से कम 18 वर्ष का अनुभव होना चाहिए, जिसमें 12 वर्ष का बैंकिंग अनुभव शामिल हो। इसमें बोर्ड स्तर से ठीक नीचे के उच्चतम स्तर पर तीन वर्ष का अनुभव (मूल पद के आधार पर) होना अनिवार्य है।
एफएसआईबी ने एक सार्वजनिक सूचना में कहा कि जो उम्मीदवार राष्ट्रीयकृत बैंकों से नहीं हैं, उन्हें निजी उम्मीदवार माना जाएगा।
इसमें कहा गया कि निजी उम्मीदवारों को उस बैंक का संगठनात्मक चार्ट देना होगा, जिसमें उनके पास बोर्ड स्तर से नीचे के उच्चतम स्तर का अनुभव है, जिससे संगठन पदानुक्रम में उनकी स्थिति का स्पष्ट रूप से पता चल सके।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के उम्मीदवारों के संबंध में इसमें कहा गया है कि आवेदक के पास राष्ट्रीयकृत बैंकों में मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) और महाप्रबंधक (जीएम) स्तरों पर कुल चार वर्ष की सेवा का अनुभव होना चाहिए।
इसमें कहा गया है कि यदि किसी अधिकारी ने अपने करियर में दो या अधिक बड़े दंडों का सामना किया है, तो वह राष्ट्रीयकृत बैंकों के ईडी पद के लिए आवेदन करने का पात्र नहीं होगा। इसमें यह भी कहा गया कि पिछले 10 वर्षों की अवधि के दौरान आवेदकों पर लगाए गए सभी प्रकार के दंडों का विवरण भी देना होगा।
चयन छंटनी और व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर होगा। इसमें कहा गया है कि प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी और अनुभव एवं पात्रता शर्तों के आधार पर साक्षात्कार के लिए चयन किया जाएगा।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण