एपीएसईजेड समुद्री कारोबार में 13,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Ads

एपीएसईजेड समुद्री कारोबार में 13,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

  •  
  • Publish Date - May 12, 2026 / 08:05 PM IST,
    Updated On - May 12, 2026 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन लिमिटेड (एपीएसईजेड) वित्त वर्ष 2030-31 तक अपने समुद्री कारोबार को विस्तार देने के लिए 13,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।

कंपनी अपने एस्ट्रो ऑफशोर मंच और ओशनियरिंग इंटरनेशनल इंक के बीच साझेदारी के माध्यम से यूरोप में समुद्र के भीतर और अत्यधिक गहरे समुद्र में परिचालन करने जा रही है।

कंपनी ने बताया कि उसके समुद्री मंच एस्ट्रो ऑफशोर ने यूरोप में गहरे समुद्र में अवसरों के लिए अमेरिका स्थित इंजीनियरिंग कंपनी ओशनियरिंग इंटरनेशनल इंक के साथ अनुबंध किया है।

इस विस्तार के तहत एस्ट्रो ऑफशोर अपने बेड़े में 97 मीटर लंबा बहुउद्देश्यीय सहायता पोत एनर्जी सवाना (जिसका नाम बदलकर एस्ट्रो एटलस किया जाएगा) शामिल करेगी। वर्ष 2021 में निर्मित यह जहाज 3,000 मीटर से अधिक की गहराई में काम कर सकता है और 150 टन की समुद्री क्रेन और 100 कर्मियों के रहने की सुविधा से लैस है। इससे समुद्र के भीतर निर्माण, केबल बिछाने और पाइपलाइन स्थापना में मदद मिलेगी।

एपीएसईजेड का लक्ष्य वित्त वर्ष 2030-31 तक अपने बेड़े में 200 जहाज शामिल करना और समुद्री कारोबार से 6,000 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त करना है।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्वनी गुप्ता ने कहा, ‘‘यह कदम वैश्विक स्तर पर एक विविध समुद्री मंच बनाने की हमारी महत्वाकांक्षा का समर्थन करता है।’’

भाषा अजय पाण्डेय

अजय