हिमाचल में पेंशनधारकों को होगा बकाये का भुगतान
हिमाचल में पेंशनधारकों को होगा बकाये का भुगतान
नयी दिल्ली, 21 सितंबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि श्रेणी-तीन के पेंशनधारकों को अक्टूबर में उनके पेंशन बकाये का 30 प्रतिशत, जबकि एक जनवरी, 2016 से 31 दिसंबर, 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए श्रेणी-एक और श्रेणी-दो के पेंशनधारकों को उनके पेंशन बकाये का 15 प्रतिशत दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को यहां हिमाचल प्रदेश पेंशनधारकों के संयुक्त मोर्चा के साथ बैठक में कहा कि राज्य सरकार पेंशनधारकों और कर्मचारियों के सामने आ रही समस्याओं से अवगत है और उन्हें दूर करने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार समय-समय पर कर्मचारियों और पेंशनधारकों को वित्तीय लाभ जारी करती रही है और आने वाले समय में महंगाई भत्ते की एक और किस्त जारी करने पर विचार कर रही है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों को पेंशनधारकों के लंबित चिकित्सा खर्च के दावों का निपटान करने के निर्देश दिए गए हैं। 65 वर्ष से अधिक आयु के सभी पेंशनधारकों का बकाया सरकार पहले ही चुका चुकी है।
सुक्खू ने कहा कि पेंशनधारकों ने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और हिमाचल प्रदेश की प्रगति में बहुमूल्य योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बिना किसी राजनीतिक उद्देश्य के अपने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है, ताकि कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन जी सकें।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


