अशोक लेलैंड की इकाई ओएचएम ग्लोबल ने चेन्नई में दूसरे चरण के तहत 130 ई-बस शुरू कीं
अशोक लेलैंड की इकाई ओएचएम ग्लोबल ने चेन्नई में दूसरे चरण के तहत 130 ई-बस शुरू कीं
मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) अशोक लेलैंड की रणनीतिक इकाई ओएचएम ग्लोबल मोबिलिटी (ओएचएम) ने सोमवार को चेन्नई में अपने इलेक्ट्रिक बस परिचालन का विस्तार करने की घोषणा की। इसके तहत कंपनी ने महानगर परिवहन निगम (एमटीसी) के ई-बस कार्यक्रम के दूसरे चरण के तहत 130 नई वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें शुरू कीं।
कंपनी ने कहा कि दूसरे चरण के तहत ओएचएम, अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक वाहन इकाई स्विच द्वारा विनिर्मित 500 इलेक्ट्रिक बस की आपूर्ति और परिचालन करेगी।
कंपनी ने कहा कि 130 बस को हरी झंडी दिखाया जाना ओएचएम ग्लोबल मोबिलिटी के दूसरे चरण की शुरुआत है। इससे चेन्नई के इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क का और विस्तार होगा।
ओएचएम ग्लोबल मोबिलिटी ई-बस और ई-ट्रक के लिए इलेक्ट्रिक परिवहन समाधान उपलब्ध कराती है।
कंपनी के अनुसार, यह शुरुआत चेन्नई में ओएचएम के पहले चरण के अनुभव पर आधारित है। पहले चरण के तहत उसके डिपो में समय-सारिणी के अनुसार बसों का परिचालन 99 प्रतिशत से अधिक रहा है, जो बड़े स्तर पर इलेक्ट्रिक सार्वजनिक परिवहन की विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता को दर्शाता है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने नई बसों को सचिवालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर राज्य के परिवहन मंत्री विजय तमिलन पार्थिबन, अन्य अधिकारी और हिंदुजा समूह की कंपनी के अधिकारी मौजूद थे।
ओएचएम ग्लोबल मोबिलिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) बृजेश गुब्बी सुरेश ने कहा, ‘दूसरे चरण के तहत पहली 130 बस की शुरुआत चेन्नई के सतत सार्वजनिक परिवहन की दिशा में बदलाव में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पहले चरण में तीन करोड़ किलोमीटर की दूरी पूरी करने और हमारे डिपो में 99 प्रतिशत से अधिक समय-सारिणी अनुपालन हासिल करने का अनुभव यह दर्शाता है कि टिकाऊपन और परिचालन उत्कृष्टता साथ-साथ चल सकते हैं।’
भाषा अजय योगेश
योगेश
योगेश

Facebook


